उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

स्वराज्य हमारा जन्मसिद्ध अधिकार नारे के 101 वर्ष पूरे होने पर योगी सरकार आज मना रही तिलक जयंती

लखनऊ, 30 दिसम्बर(हि.स.)।‘स्वराज्य मेरा जन्म सिद्ध अधिकार है’ के 101 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश सरकार आज लोकभवन के सभागार में ‘तिलक महोत्सव’ मना रही है। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल राम नाईक करेंगे। इस कार्यक्रम में महान क्रान्तिकारियों के परिजनों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जायेगा। 

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देंवेद्र फड़नवीस मौजूद रहेंगे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा। तिलक महोत्सव पर लखनऊ के प्रमुख स्थानों को बालगंगाधर तिलक की चित्र लगी होर्डिंगों से पटा गया है। इस मौके पर लोकमान्य तिलक पर एक स्मारिका का भी विमोचन किया जायेगा। 

समारोह में विधानसभाध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी तथा सूचना राज्यमंत्री नीलकण्ठ तिवारी के अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के 32 परिजन उपस्थित रहेंगे।

बाल गंगाधर तिलक को लोकमान्य तिलक के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 1916 में लोकमान्य तिलक ने “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा” का नारा दिया था। 30 दिसम्बर को इस नारे के 101 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर लोकभवन के सभागार में पूर्वाह्न 11:30 बजे एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का आयोजन होगा।

उल्लेखनीय है कि पंडित बाल गंगाधर तिलक का जन्म 23 जुलाई 1856 को हुआ था। तिलक भारत के एक प्रमुख नेता, समाज सुधारक और स्वतन्त्रता सेनानी थे।

सूचना राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि “इस आयोजन का सुझाव राज्यपाल राम नाईक ने दिया था। इसे स्वीकार किया गया है। इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विशेष रूप से महाराष्ट्र की संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम यहां होंगे और उत्तर प्रदेश से जुड़े कार्यक्रम महाराष्ट्र में प्रस्तुत किये जाएंगे।”

Related Articles

Back to top button
Close