खबरेराज्यहिमाचल प्रदेश

हिमाचल में भाजपा को मिले 48 फीसदी वोट, जय राम ठाकुर सीएम की रेस में सबसे आगे

शिमला, 19 दिसम्बर (हि.स.)। हिमाचल में भाजपा ने 48.8 फीसदी वोट लेकर प्रदेश में बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा ने कुल 68 विधानसभाओं में से 44 सीटें जीतीं हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी 41.7 फीसदी वोट लेकर 21 सीटें ही जीत पाई है। 2012 में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने 36 सीटें जीत कर सरकार बनाई थी। जबकि भाजपा के खाते में उस समय 26 ही सीटें आई थी।

इस बार चुनाव में दो निर्दलीय और सीपीएम के एक उम्मीदवार को जीत हासिल हुई है। 

प्रदेश की सबसे हॉट सीट सुजानपुर का परिणाम देर रात घोषित हो पाया। जहां भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रो. प्रेम कुमार धूमल कांग्रेस के राजेंद्र राणा से 1919 वोटों से हार गए।

नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करने के लिए पार्टी प्रभारी मंगल पाण्डेय कल शिमला आएंगे जिसमें पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। 

केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र तोमर को पार्टी ने विधायकों से चर्चा के लिये केन्द्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। इन दोनों नेताओं के अगले एक-दो दिन में शिमला आने की सम्भावना है। 

ये दोनों नेता अपनी रिपोर्ट संसदीय बोर्ड को देंगे जोकि नेता को लेकर अंतिम निर्णय करेगा।

वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए सिराज से पांचवीं वार विधायक बने जय राम ठाकुर का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसी बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकश नड्डा का नाम भी मुख्यमंत्री के लिए लिया जा रहा है।

जय राम ठाकुर और जगत प्रकाश नड्डा दोनों ने अपनी राजनीति की शुरूआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की है। जय राम ठाकुर हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। 2007 में जब भाजपा सरकार बनी थी उस समय जय राम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष थे।

Related Articles

Back to top button
Close