खबरेराज्यहिमाचल प्रदेश

हिमाचल विधानसभा चुनाव: भाजपा को बहुमत, धूमल अपनी सीट हारे

शिमला, 18 दिसम्बर (हि.स.)। हिमाचल विधानसभा चुनाव की 68 सीटों में जहां बीजेपी का दबदबा दिख रहा है। वहीं, भाजपा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धमूल सुजानपुर सीट से चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस के राजेंद्र सिंह राणा ने धूमल को दो हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। 

भाजपा हिमाचल की सत्ता पर काबिज होने के बावजूद धूमल के हारने से जहां उनके समर्थकों में मायूसी छा गई है। वहीं, भाजपा की बनने वाली नई सरकार में अब मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस पर अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

भाजपा हाईकमान ने मतदान से महज नौ दिन पहले धूमल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था क्योंकि हिमाचल का चुनाव धूमल के ही चेहरे पर लड़ा गया था। धूमल वर्ष 1998-2003 और वर्ष 2007-2012 तक दो बार मुख्यमंत्री रहे थे। धूमल ने साल 2012 का चुनाव हमीरपुर सदर सीट से लड़ा था लेकिन इस बार वह हमीरपुर की सुजानपुर सीट से चुनाव में उतरे। लिहाजा, पहली बार विधानसभा चुनाव में धूमल को पराजय का सामना करना पड़ा है। वर्ष 1998 में धूमल ने पहली बार हमीरपुर जिले के बमसन हलके से चुनाव लड़ा था और इस सीट से तीन बार वह विजयी रहे। साल 2012 में डी-लिमिटेशन के कारण बमसन हलका खत्म हो गया, तो धूमल ने हमीरपुर सदर सीट से किस्मत आजमाकर जीत का चौका लगाया था। 

हालांकि, साल 1984 में धूमल ने लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, इसके बाद उन्होंने 1989 में फिर चुनाव में दांव आजमाया और जीत हासिल की। इसके अलावा, प्रेम कुमार धूमल वर्ष 1991 में हमीरपुर लोकसभा सीट से जीते और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। बाद में 1996 की लोकसभा में वो फिर हार गए थे।

अभी तक के रुझानों और कुछ सीटों के नतीजे आने के बाद हिमाचल में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा 34 सीटें जीत चुकी है और 10 सीटों पर आगे चल रही है। पूर्ण बहुमत के लिए 35 का आंकड़ा चाहिए और भाजपा इस जादुई आंकड़े से आगे निकलती दिख रही है। वहीं, अभी तक कांग्रेस 17 ही सीटों पर जीत दर्ज कर पाई है और तीन सीटों पर आगे चल रही है। इस चुनाव में माकपा के ठियोग सीट से प्रत्याशी राकेश सिंह ने जीत दर्ज की।

Related Articles

Back to top button
Close