उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

अलोकतांत्रिक तरीके से किया गया देश का विभाजन स्वीकार नहीं: विहिप

लखनऊ, 30 अगस्त : अंग्रेजों द्वारा नियुक्त किये गये सत्ता के कुछ लालची नेताओं द्वारा अलोकतांत्रिक तरीके से किये गये देश के विभाजन को हम स्वीकार नहीं करते। हमें पुनः अखंड भारत का स्वरुप चाहिये। भारत हमारी मां है और हम किसी भी सूरत में अपनी मां के टुकड़े सहन नहीं कर सकते। 

यह बातें विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) अवध प्रान्त के प्रान्त संगठन मंत्री भोलेन्द्र ने विहिप के स्थापना दिवस के मौके पर जलसा लान, कानपूर रोड पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने कहा कि 1964 में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जाति पाति, ऊंच नीच के भेदभाव को दूर कर सभी हिन्दू समाज को एक मंच पर लाने के लिये विहिप की स्थापना की गयी थी। आज हमारे पास आठ करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। अयोध्या में राम मंदिर बनाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वहां पर पहले भी राम मंदिर था, आज भी है। निरंतर पूजा अर्चना जारी है। आगे भी जारी रहेगी। केवल भव्य रुप देकर उसका विस्तार किया जाना है, जिसका कार्य निरंतर जारी है। पत्थर तराशे जा रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय सहमंत्री एवं समरसता विभाग के अंतर्राष्ट्रीय मंत्री देव जी भाई रावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विहिप ने हिन्दू धर्म में समरसता लाने पर विशेष बल दिया। जाति पाति, ऊंच नीच हमारे हिन्दू धर्म के विकास में हमेशा बाधा बनती आई है जिसका हमेशा से हमारे दुश्मनों ने लाभ उठाया है। उसे हमें दूर करना है। उसे दूर करने में हमारा समय या धन भी व्यय नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने आसपास अथवा घर में कार्य करने वाले किसी कर्मी को पानी चाय प्रेम से पिला देते हैं, तो वहीं सदैव हमारे प्रति प्रेमभाव रखने लगता है। हमें उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होना चाहिये।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। उसे तो भव्य रुप देना है, जो कभी भी दे दिया जायेगा। चाहे उसके लिये कानून बनाना ही पड़े, बल्कि हमारा लक्ष्य तो अखंड भारत स्थापित कर जहां पाकिस्तान है उस भूमि में भी भव्य राम मंदिर का निर्माण करना है। वो हम करके ही रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिन्दू परिषद के विभाग अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव एवं संचालन देवेन्द्र मिश्र ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रुप से पूर्व विधायक रामचंद्र शुक्ल, विहिप के प्रान्त उपाध्यक्ष कनहिया अग्रवाल, स्वतंत्र यादव, अखिलेश, शैलेश, कैलाश, अशोक, महेश, राम नरेश मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
Close