Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का राजधानी पहुंचने पर राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

लखनऊ, 24 जनवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज उत्तर प्रदेश के पहले स्थापना दिवस के साथ-साथ लखनऊ महोत्सव का उद्घाटन करने के लिए राजधानी लखनऊ पहुंचे। उपराष्ट्रपति के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति अवध शिल्प ग्राम में प्रथम उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस और लखनऊ महोत्सव समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेशवासियों को करोड़ों की सौगात भी देंगे। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस यह आयोजन 26 जनवरी, 2018 तक चलेगा। इसे नव निर्माण, नवोत्थान, नव कार्य-संस्कृति से जोड़ा गया है। इसके अलावा इस आयोजन के जरिए संकल्प से सिद्धि की ओर अग्रसर उत्तर प्रदेश और सबका साथ-सबका विकास के बिन्दु को प्रमुखता से उठाया गया है। 

गौरतलब है कि पूर्व में उत्तर प्रदेश को यूनाइटेड प्राविंस के रूप में जाना जाता था। 24 जनवरी 1950 को संशोधन करते हुए देश के सबसे बड़े सूबे का नाम उत्तर प्रदेश किया गया। इसलिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस दिन को ही उत्तर प्रदेश दिवस मनाने का निर्णय लिया है। यह आयोजन सूचना विभाग करेगा लेकिन संस्कृति और पर्यटन विभाग भी सहयोगी होंगे। इसके लिए एक समिति बनायी गई है। 

राज्यपाल राम नाईक ने वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से 24 जनवरी 2015 को यूपी दिवस के तौर पर मनाने का आग्रह किया था। उनका कहना था कि महाराष्ट्र में बसे उत्तर भारतीय यूपी दिवस मनाते हैं मगर उत्तर प्रदेश में ही इसे नहीं मनाया जाता। हालांकि अखिलेश सरकार में ऐसी कोई पहल नहीं हुई। इसके बाद योगी सरकार ने सत्ता में आते ही राज्यपाल की इस सलाह को ध्यान में रखते हुए 24 जनवरी को उ.प्र. दिवस मनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत यह पहला आयोजन हो रहा है। 

प्रदेश सरकार ने कहा है कि किसी भी राज्य या देश की जन्मतिथि उसकी एक पहचान है। इस पहचान और स्वाभिमान के लिए जन्मतिथि यह दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इसमें खासतौर से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों को प्रमुखता से बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी को प्रदेश के नए विकास के परिवेश से जोड़ने का कार्यक्रम किया जाएगा। खास बात है कि उत्तर प्रदेश दिवस को सिर्फ प्रदेश में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के बाहर भी मनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
Close