Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

ओडिशा की जनता ने केंद्र की नीतियों पर लगाई मुहर

National.नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में मिली सफलता के साथ-साथ ओडिशा के जिला परिषद चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन से भाजपा केंद्रीय नेतृत्व खासा उत्साहित है। ओडिशा में कल तक तीसरे नंबर की पार्टी के तौर पर आंकी जा रही भाजपा की अभूतपूर्व बढ़त ने कांग्रेस का तकरीबन सफाया कर दिया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और आदिवासी कल्याण मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ओडिशा जिला परिषद चुनाव में मिली सफलता का श्रेय केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को दिया।

धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि, ओडिशा की जनता ने केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा का साथ दिया है। गरीब लोगों ने प्रधानमंत्री के नोटबंदी के फैसले का समर्थन करते हुए उन पर भरोसा जताया है। यही कारण है कि जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस का सफाया हुआ है। प्रधान ने कहा कि, प्रदेश का 80 प्रतिशत इलाका ग्रामीण है। इन इलाकों में भाजपा को शानदार सफलता हासिल हुई है।

ये भी पढ़े : देश भर में ‘विजय उत्सव’ मनाएगी भाजपा

उन्होंने कहा कि, पिछले जिला परिषद चुनावों में भाजपा के पास सूबे के 30 जिला परिषदों में से एक भी नही था, अबकी 8 जिला परिषदों में भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। 2012 में बीजू जनता दल (बीजद) 28 जिला परिषद पर काबिज थी, अब 16 पर रह गई है। कांग्रेस के पास तब दो जिला परिषद थी अबकी वह एक पर ही सिमट गई है। प्रधान ने कहा कि कांग्रेस का ओडिशा में परंपरागत वोट बैंक था पर अब वह भी समाप्त हो गया। ओडिशा के इतिहास में कांग्रेस की इतनी दुर्गति कभी नहीं हुई थी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, रुझान के मुताबिक प्रदेश में संपन्न चुनावों में 864 में से भाजपा को 307 सीटों पर सफलता मिली है।

Related Articles

Back to top button
Close