उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

कुशीनगर में थाई महोत्सव की सफलता के लिए हुई विशेष पूजा

कुशीनगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बुद्ध की निर्वाण स्थली कुशीनगर में 23 फ़रवरी को शुरू हो रहे दो दिवसीय थाई महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। मुख्य कार्यक्रम बुद्ध धातु शोभा यात्रा की सफलता के लिये थाई बौद्ध अनुयाइयों ने महापरिनिर्वाण मन्दिर में विशेष पूजा की। 

गुरुवार सुबह थाई मोनास्ट्री के बौद्ध भिक्षुओं व कलाकारों के दल ने समारोहपूर्वक भगवान बुद्ध की पूजा की और चीवर अर्पित किया। प्रतिकात्मक शोभा यात्रा लिये मन्दिर पहुंचे थाई कलाकारों ने मनोहारी पारम्परिक थाई नृत्य भी प्रस्तुत किया। 

मांक इंचार्ज डॉ. पी खोमसान ने बताया कि आज भगवान बुद्ध से दो दिवसीय महोत्सव की सफलता के लिए आशीष मांगा गया। यह नृत्य थाई के उत्तरी भाग का मशहूर नृत्य है और पूजा के पूर्व किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विश्व शांति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विगत आठ वर्षों से किया जा रहा है। यह आठवां वर्ष है। भारत-थाई के मध्य प्राचीनकाल से चले आ रहे मैत्री सम्बन्धों को और मजबूती प्रदान करना भी इस कार्यक्रम का लक्ष्य है। शुक्रवार को शोभा यात्रा थाई मन्दिर से मुख्य मंदिर और शनिवार को मुख्य मंदिर से रामाभार स्तूप तक निकलेगी। 

इस अवसर पर पी सोमपोंग, पी सोंगक्रान, प्रायोजक प्रोंग्रिथ श्रीस्मिथ, अम्बिकेश त्रिपाठी, विवेक कुमार, ओम प्रकाश कुशवाहा, राजबन्धु खन्ना आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close