Home Sliderदेशनई दिल्ली

केरल में भ्रष्टाचार और अपराध का गठजोड़ बने कम्युनिस्ट: नकवी

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कम्युनिस्ट पार्टी को अपराध और भ्रष्टाचार का गठजोड़ करार दिया है। उन्होंने कहा कि लाल आतंक अब पूरी दुनिया से खत्म हो रहा है और केरल में राष्ट्रवादियों की निर्मम हत्याओं से पूरे देश में वामपंथियों के खिलाफ आक्रोश है।

केरल में भाजपा और संघ कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ शनिवार को यहां भाजपा की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित जन रक्षा यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि केरल में राष्ट्रवादी लोगों की हत्याएं हो रही है। वहां अपराध और भ्रष्टाचार का गठजोड़ है। उन्होंने बताया कि जब 80 के दशक में वह युवा मोर्चा में थे तब भी कुन्नूर और कालीकट सहित अन्य स्थानों पर जाते थे। वहां कार्यकर्ताओं की हत्याओं और जुल्मों के खिलाफ आवाज उठाते थे लेकिन पिछले वर्षों में इस अपराध ने अब आतंक का रूप ले लिया है। इस आतंक में इतनी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या की गई और उससे भी ज्यादा शर्मनाक बात है कि हत्याएं होने के बाद केरल में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार उसे न्यायोचित ठहराती रही है।

नकवी ने कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार है हम चाहते तो केरल में अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक और अराजक व्यवहार करने वाली राज्य की माकपा सरकार को एक मिनट में हटा सकते हैं लेकिन हम लोकतांत्रिक मान्यताओं और लोकतंत्र में विश्वास करने वाले लोग हैं इसलिए इस अपराध और आतंक के खिलाफ लोगों को जनरक्षा के माध्यम से जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और वामदलों पर हमला करते हुए कहा कि यदि हमारी सरकार ऐसा कर रही होती और केंद्र में कांग्रेस और कम्युनिस्ट गठबंधन की सरकार होती तो उसका क्या हश्र होता इस बात को वह अच्छी तरह जानते हैं। 

नकवी ने कहा कि आज भाजपा एकमात्र पार्टी है जो देश के किसी भी कोने में अपने कार्यकर्ताओं पर होने वाले हमलों, अन्याय और अत्याचार का शांतिपूर्वक विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले कम्युनिस्ट पार्टी का नारा था लाल सलाम। वह लाल सलाम अब लाल रुमाल में बदल बदल गया है और लाल रूमाल लाल आतंक में बदल गया है। लाल आंतक अब पूरी दुनिया से खत्म हो रहा है और पूरी दुनिया उसको पूरी तरह से नफरत की नजर से देख रही है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के कार्यकर्ताओं के माध्यम से कम्युनिस्ट पार्टी और उसके नेताओं के साथ ही केरल की सरकार को चेताना चाहते हैं कि अब यह बहुत हो चुका। भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं की जिस तरह से निर्मम तरीके से हत्याएं की जा रही हैं इससे ऐसा लगता है कि वहां राष्ट्रविरोधी और अराजक शक्तियां समानांतर सरकार चला रही हैं और वहां खूनी खेल खेल रही है उसको मुंहतोड जवाब देने के लिए हमारे कार्यकर्ता पूरे देश में आक्रोशित हैं। कार्यकर्ताओं को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नीलदमन खत्री, राजेश भाटिया, कुलदीप चहल और अभय वर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button
Close