खबरेराज्यहिमाचल प्रदेश

गुड़िया प्रकरण पर भाजपा का शिमला बंद, दूध और ब्रेड सप्लाई प्रभावित

शिमला, 20 जुलाई : भाजपा द्वारा गुड़िया प्रकरण को लेकर गुरुवार को शिमला में बुलाए गए बंद का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को शिमला में दूध व ब्रेड जैसी रोजमर्रा की चीजों की सप्लाई न हो पाने से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा है। शिमला शहर में गुरुवार सुबह से ही सभी दुकाने बंद हैं।

इसके साथ भाजपा ने गुरुवार सुबह दस बजे शिमला शहर में चक्का जाम भी किया जिससे सड़को पर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई हैं। भाजपा दोपहर एक बजे प्रदेश सचिवालय में भी चक्का जाम करेगी जबकि शाम को तीन बजे राजभवन जाकर राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपेगी।

भाजपा प्रवक्ता महेन्द्र धर्माणी ने कहा कि यह दु:खदाई घटना पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाती है। धर्माणी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस पूरे मामले को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी और दोषियों को सलाखों के अन्दर बन्द करवाएगी। भाजपा का गुरुवार को शिमला और महासू संगठनात्मक जिलों में बन्द का आह्वान किया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा 21 जुलाई को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर घरना प्रदर्शन करेगी और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। 

Related Articles

Back to top button
Close