उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

नगर निगम की अनूठी पहल : शौचालय जाइए, 11 हजार तक इनाम पाइए

कानपुर, 10 अक्टूबर : कानपुर महानगर ओडीएफ घोषित हो चुका है। पर अभी भी कुछ लोग खुले में शौच कर रहे हैं। । जिसको देखते हुए नगर निगम ने अनूठी पहल की है। अब उन लोगों को इनाम दिया जाएगा जो सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों में शौच को जाएंगे। इनाम की राशि 2100 से 11000 रुपए निर्धारित की गई है। 

अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग पुरस्कार होंगे। महिलाओं और पुरुषों के लिए एक समान पुरस्कार रखे गए हैं। ये पुरस्कार खुले में शौच करने वालों को प्रोत्साहित और जागरूक करने के लिए होंगे। शौचालयों पर लोगों का स्वागत बैंड बाजे के साथ किया जाएगा, ताकि ऐसा लगे कि खुले में शौच से मुक्ति के लिए उत्सव का माहौल है। 

नगर निगम खुले में शौच करने वालों को रोकने के लिए हर रोज नए फंडे अपना रहा है। इसका व्यापक असर भी पड़ा है। शहर के 40 हॉट स्पॉट (खुले में शौच करने वाले स्थान) से 500 मीटर की दूरी पर स्थित शौचालयों में लोगों को भेजने के लिए अब प्रतिस्पर्द्धा शुरू होने जा रही है। शौचालयों में पारिवारिक सदस्यता कार्ड भी बन रहे हैं। गरीब लोगों के लिए शौचालय फ्री किए गए हैं। इसलिए रजिस्टर पर नाम भी लिखे जाते हैं। अब प्रतिदिन जिसके नाम रजिस्टर में अंकित होंगे वही इनाम के हकदार होंगे। जो पुरस्कार पुरूष को दिए जाएंगे वही महिलाओं को भी। 

मेरठ में पटाखों की बिक्री पर एक नवम्बर तक प्रतिबंध लगा

इस तरह मिलेंगे पुरस्कार

नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि एक वर्ष में तीन सौ दिनों तक 50 वर्ष से अधिक आयु वालों के नियमित शौचालय जाने पर 11 हजार रुपए, 35 से 50 वर्ष के बीच की आयु वालों को 7000 रुपए, 20 से 35 वर्ष के बीच उम्र वालों को 5100 रुपए और 20 वर्ष से कम आयु वालों को 2100 रुपए का इनाम प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा। इसमें एक महिला और एक पुरुष को बराबर-बराबर धनराशि मिलेगी। दिव्यांगों के लिए अलग से विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। 100 लोगों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें 101 रुपए भी हो सकते हैं और कोई गिफ्ट भी। इस योजना को मंगलवार से ही लागू कर दिया गया है। 

बच्चों को दिए जाएंगे चॉकलेट व चिप्स

अभी तक खुले में शौच करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए हर रोज चॉकलेट व चिप्स दिए जाएंगे। ये चॉकलेट व चिप्स शौचालय के बाहर जार में रखे जाएंगे। ऐसा इसलिए भी किया गया है जो अभिभावक अपने बच्चों को खुले में भेजते हैं, उनका आकर्षण शौचालय की तरफ बढ़े और बच्चों को भेजें। अभी से आदत बनेगी तो भविष्य में भी वे खुले में शौच करने नहीं जाएंगे। जो बच्चे हर रोज शौचालय आएंगे उनकी गिनती अलग से होगी। नगर आयुक्त ने बताया कि जिन लोगों को नगद पुरस्कार दिए जाना है, उनके नाम हर शौचालय से एकत्र करके पर्ची के रूप में नगर निगम मुख्यालय लाए जाएंगे। यहां लाटरी निकलेगी।  (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close