खबरे

दिल्ली के CM केजरीवाल पर फूटा उनका ही ‘कपिल’ बम.

नई दिल्ली, 07 मई :=  मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने केजरीवाल पर सत्येंद्र जैन से 2 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया है। कपिल ने शनिवार कहा, ‘मैंने केजरीवाल को सत्येंद्र जैन से 2 करोड़ रुपये लेते देखा। मैंने केजरीवाल से पूछा कि ये क्या है तो उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ बातें बाद में बताई जाती हैं। ‘

दूसरी ओर कपिल मिश्रा के आरोपों का जवाब देने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सामने आए| उन्होंने इन्हें बेबुनियाद ठहराया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि इन आरोपों पर कुछ नहीं कह जा सकता। कोई यकीन नहीं करेगा। आरोप बेबुनियाद हैं। ऊल-जुलूल आरोप हैं।
इससे पहले कपिल मिश्रा उप राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें घोटालों की जानकारी दी। उपराज्यपाल से मिलने से पहले कपिल मिश्रा ने कहा, ‘मुझे आम आदमी पार्टी से कोई निकाल नहीं सकता। अपने हाथों से पार्टी बनाई है। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के 10 सदस्यों में से हूं। जब भाजपा और कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर चुप नहीं बैठे तो अपनी पार्टी के भ्रष्टाचार को कैसे छोड़ दूं। मैंने भ्रष्टाचार के मुद्दे को पार्टी कार्यकर्ता के बीच चर्चा करने के लिए कहा था। न पार्टी को कुछ होने देंगे न सरकार को, सिर्फ सच बोलेंगे।‘

दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास पर केजरीवाल की मौजूदगी में कुमार विश्वास, संजय सिंह, आशुतोष और मनीष सिसोदिया के बीच बैठक हुई। बैठक के बाद कुमार विश्वास केजरीवाल के घर से निकल गए। हालांकि कपिल के आरोपों के बाद वो फिर से केजरीवाल के घर पर पहुंच गए हैं।इससे पहले शनिवार को जैसे ही कपिल मिश्रा को दिल्ली सरकार के जल मंत्री पद से हटाया गया पार्टी नेताओं के बीच घमासान शुरू हो गया। कपिल मिश्रा ने ट्विटर पर पार्टी नेताओं को घेरना शुरू कर दिया। मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टैंकर घोटाले के कुछ नाम सौंपे थे लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं की गई।

मिश्रा ने शनिवार रात ही साफ किया था कि वह पार्टी में रहकर ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे और गंदगियों पर झाड़ू चलाएंगे। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि उनके द्वारा टैंकर स्कैम में बड़े नामों के खुलासे की बात के कारण उन्हें मंत्री पद से हटाया गया हो।
उल्लेखनीय है कि हाल में पार्टी की अंदरूनी कलह के दौरान कपिल मिश्रा प्रमुखता से कुमार विश्वास के साथ खड़े दिखाई दिए थे। शनिवार शाम मंत्रिमंडल से जल और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा की छुट्टी हो गई। कपिल मिश्रा की जगह नजफ़गढ़ के विधायक कैलाश गहलोत को मंत्री बनाया जाएगा, जबकि सीमापुरी से विधायक राजेन्द्र पाल गौतम दिल्ली सरकार में मंत्री बनेंगे।

दिल्ली सरकार में मंत्री के पद से हटाए जाने के तुरंत बाद मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि, ‘मैं इकलौता मंत्री हूं, जिस पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। मेरे खिलाफ कोई सीबीआई जांच नहीं हुई। किसी बेटी-रिश्तेदार को पद नहीं दिया। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का भ्रष्टाचार खोला’। उन्होंने अगला ट्वीट किया, ‘ये मेरी पार्टी है। 2004 से आंदोलन से जुड़ा रहा हूं। कहीं नहीं जाएंगे। यहीं रहकर सफाई करेंगे। झाड़ू चलाएंगे.. कूड़ा हटाएंगे’।

वहीं मिश्रा को मंत्रीपद से हटाए जाने के तुरंत बाद कुमार विश्वास ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने स्प्ष्ट संकेत दिए कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। आप नेता कुमार कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा कि ‘देश और कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाता हूं कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ अंदर और बाहर आवाज़ उठाना जारी रखेंगे, परिणाम चाहे कुछ भी हो! भारत माता की जय।‘

यह भी पढ़े : ‘आप’ को कहीं दुश्मन तो फंडिंग नहीं कर रहे : मनोज तिवारी

Related Articles

Back to top button
Close