Home Sliderदेशनई दिल्ली

नागालैंड में भाजपा ने रिजिजू और त्रिपुरा में हेमंत को सौंपी चुनाव की कमान

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को नागालैंड और त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए। पार्टी ने नागालैंड में किरन रिजिजू और त्रिपुरा में हेमंत बिश्व सरमा को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया। दोनों राज्यों में अगले वर्ष मार्च और अप्रैल में चुनाव होने हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर संगठनात्मक नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू को आगामी नागालैंड विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं असम सरकार में वित्त एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हेमंत बिश्व सरमा को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की शुरू से यह रणनीति रही है कि वे चुनावों की तैयारी बहुत पहले से कर देते हैं। पूर्वोतर राज्य भाजपा के लिए महत्व के हो गए हैं। पहले पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर कहीं भी भाजपा का प्रभाव नहीं था। अब असम और मणिपुर में उसकी अपने दम पर सरकार है। इसी के मद्देनजर भाजपा नागालैंड और त्रिपुरा में भी अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है। नागालैंड में टीआर जेलियांग के नेतृत्व में नगा पीपुल्स फ्रंट की सरकार है। जबकि त्रिपुरा में माणिक सरकार के नेतृत्व में पिछले 20 साल से माकपा की सरकार मजबूती से जमी हुई है।

Related Articles

Back to top button
Close