उत्तर प्रदेशदेशनई दिल्ली

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से, उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी.

नई दिल्ली, 17 जनवरी = राष्ट्रीय राजधानी सहित समूचे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है| मैदानी इलाकों में जहां हाड़ कंपा देने वाली हवाएं चल रही हैं तो पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। कई स्थानों पर कोहरा और धुंध छाई हुई है।

मंगलवार सुबह सर्द हवाओं के चलते दिल्ली के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी देखने को मिली| न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता का स्तर 400 मीटर तो वहीं पालम में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता स्तर 200 मीटर रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

चंडीगढ़ में मंगलवार की सुबह धुंध भरी रही और कई स्थानों ओस भी गिरी। यहां दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में फिर बर्फबारी हुई जिससे घाटी एक बार फिर देश से कट गया। श्रीनगर-जम्मू् नेशनल हाईवे बंद रहा। वैष्णो देवी के भवन, भैरो घाटी और त्रिकुटा पहाड़ियों पर भी जमकर बर्फबारी हुई है। त्रिकुटा पहाड़ियों पर चार से पांच फीट तक बर्फ जमी है। बोर्ड की तरफ से बर्फ को हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि ट्रैक को साफ किया जा सके। गुलमर्ग में 53 सेमी (करीब 2 फीट) बर्फ गिरी है। जवाहर टनल और श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे से लगे बाकी इलाकों के पास करीब 2 फीट बर्फबारी हुई। समर कैपिटल श्रीनगर में 7.4 सेमी, पहलगाम में 3.5, काजीगुंड में 25.4, कोकेरनाग में 7.5 और कुपवाड़ा में 2 सेमी बर्फबारी हुई।

हिमाचल की राजधानी शिमला का तापमान जमाव बिंदु से नीचे है| यहां का न्यूनतम तामपान -0.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में तापमान में सुधार देखने को मिला है। हिमाचल में अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ऊंचाई वाले स्थानों में ही मौसम के खराब रहने की संभावना है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो दिनों तक दूरदराज के क्षेत्रों में तो बर्फबारी हो सकती है, लेकिन अन्य स्थानों पर मौसम सामान्य रहेगा।

त्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से चल रही शीतलहर का दौर अब कम हो गया है। रात में ठंड पड़ रही है, लेकिन दिन में पारा सामान्य स्थिति में पहुंच गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि, पहाड़ी इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, कानपुर का 8.2 डिग्री, बनारस का 10 डिग्री, झांसी का 10.2 डिग्री और इलाहाबाद का 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button
Close