उत्तराखंडखबरेराज्य

भूस्खलन के कारण यमुनोत्री एनएच बंद, 1300 से अधिक यात्री फंसे

उत्तरकाशी, 12 सितंबर : उत्तरकाशी जनपद में पड़ने वाले यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओजरी और डबरकोट के पास सोमवार रात से भूस्खलन होने के कारण 1300 से अ‌धिक यात्री बीच में फंस गए हैं। हालांकि प्रशासन स्यानाचट्टी-तिरखली पैदल मार्ग से लोगों को निकालने का प्रयास कर रहा है।

यमुनोत्री राजमार्ग पर ओजरी व डबरकोट क्षेत्र में बीते सोमवार रात से हो रहे भूस्खलन से कई यात्री व ग्रामीण बीच में फंस गए हैं। राजमार्ग में कई जगहों पर करीब 100 छोटे बड़े वाहनों में 1300 यात्री फंसे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को प्रशासन ने बड़कोट में ही रोक दिया है। जबकि पुलिस व स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर फंसे हुए लोगों को स्यानाचट्टी से तिरखली वैकल्पिक पैदल मार्ग के रास्ते निकालने में जुटी हुई है। करीब 4 किमी लंबे इस मार्ग से निकलकर लोगों को प्रभावित क्षेत्र के दूसरी ओर वाहनों के जरिए बड़कोट पहुंचाया जा रहा है। सुबह सबसे पहले तहसीलदार बुद्धि सिंह और थानाध्यक्ष बड़कोट विनोद थपलियाल मौके पर पहुंचे। बाद में एनएच के जेई रमेश भारती मौके पर पहुंचे।

पंद्रह फीट लंबा किंग कोबरा पकड़ा

एसडीएम मनुज गोयल ने कहा कि लगातार हो रहे भूस्खलन से अभी राजमार्ग खोलना संभव नहीं हो पा रहा है। उनकी पहली प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना है। उक्त स्थान पर दो जेसीबी मशीन एवं एक पोकलैंड मशीन मार्ग खोलने के लिए तैनात की गई है। भूस्खलन के रुकने पर ही मार्ग खोलने का कार्य शुरु किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को आवाजाही के लिए दोनों ओर वाहनों की व्यवस्था की गई है। वाहनों के माध्यम से करीब 70 यात्रियों को यमुनोत्री और 40 यात्रियों को बड़कोट पहुंचाया गया है। वहीं पूर्ति विभाग के सहयोग से अवरूद्ध मार्ग के दोनों ओर यात्रियों को जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जा रही है। हालांकि बड़कोट से जानकीचट्टी तक बीच में कई जगह होटल, ढ़ाबे आदि हैं जिसके कारण यात्रियों को काफी मदद मिल रही है। 

Related Articles

Back to top button
Close