Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

योगमय हुआ देश, देश के हर हिस्से में किया गया योग

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। दुनियाभर में आज गुरुवार को चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। ऐसे में हर कोई योग के रंग में रंगा हुआ है। पूरे देश में जगह-जगह योगाभ्यास का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बार देहरादून में किया गया। जहां वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों ने योग किया। इसके अलावा, देश के अन्य हिस्सों में जो जहां है वहीं से योग कर रहा है।

कोटा में 1.05 लाख युवा शक्ति ने बनाया योग का विश्व रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री के अलावा अन्य कई राजनीतिक, सामाजिक एवं सुरक्षा एजेंसियों ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अपना सहभागिता निभाई।इस क्रम में रेल मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा विधायक पंकज सिंह ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में योग किया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में योग दिवस के मौके पर योग किया। जबकि यूपी के राज्यपाल राम नाईक एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ राजनाथ सिंह, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने लखनऊ स्थित राजभवन में योग किया। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने राजभवन(मुम्बई) में योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पटना में आयोजित समारोह में कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद एवं उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने हजारों उत्साही योग साधकों के साथ योग किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने चंडीगढ़ में योग किया। उन्होंने इतने बड़े स्तर पर योग के लिए लोगों के रुझान को देखते हुए हर्ष जताया।

कोटा में बना वर्ल्ड रिकार्ड

राजस्थान के राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कोटा में 1.05 लाख लोगों के साथ योग कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। रामदेव के साथ आचार्य बालकृष्ण और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी योग किया। कार्यक्रम में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी पहुंची। 
जवानों ने किया योग 

आम लोगों के साथ भारत की सुरक्षा में डटे जवानों ने भी योग दिवस के यज्ञ में अपनी आहूति दी। इसमें विशेष बात यह रही कि जो जवान जहां तैनात हैं वहीं से उन्होंने योग किया। ऐसे में जहां मुंबई नौसेना के कर्मियों ने आईएनएस विराट पर योग किया। वहीं भारत-तिब्बत सीमा पर तैनात जवानों ने 18,000 फीट की ऊंचाई पर लद्दाख में सूर्य नमस्कार किया। जबकि अरुणाचल प्रदेश में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने लोहितपुर में दिगारू नदी में ‘नदी योग’ किया।

इसके अलावा, भारतीय वायु सेना ने 15000 फीट की ऊंचाई पर योग किया। भारतीय वायु सेना ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘15000 फीट की ऊंचाई पर योगा, आईएएफ के एयरवायरियर्स से अच्छे स्वास्थ्य, खुशी, सद्भाव और शांति का एक अद्वितीय संदेश।’ भारत वायुसेना के पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल के प्रशिक्षकों ने भी ब्लू स्काई में योग का अभ्यास किया।

Related Articles

Back to top button
Close