उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

राजभवन घेरने जा रही महिला कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

लखनऊ, 03 जुलाई (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाजवादी महिला प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। राजभवन का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान पुलिस से तीखी झड़प हुई। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें एमएलसी सहित कई महिला कार्यकर्ता भी घायल हुई हैं।

प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह का आरोप है कि प्रदेश की योगी सरकार में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनके साथ छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा की घटना आम हो गयी है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से धवस्त है। पेट्रोल, डीजल महंगा होने के बाद अब सरकार ने एलपीजी के भी दाम बढ़ा दिये हैं। जिससे लोगों के घरों में चुल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं। सरकार जनता के हित में नहीं उनका शोषण कर रही है। इन सब मुद्दों को लेकर आज समाजवादी महिला प्रकोष्ठ सभा के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। वे अपने प्रदर्शन को जारी करते हुए विधानसभा व राजभवन का घेराव करने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया। 

लाठीचार्ज में प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह, सपा एमएलसी लीलावती कुशवाहा, सुरैया सिद्दकी सहित कई कार्यकर्ता गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अपनी मांग को लेकर कार्यकर्ता राज्यपाल को ज्ञापन देने के लिए राजभवन पहुंचे। ऐतिहातन तौर पर पुलिस ने भारी फोर्स तैनात कर दी है। 

Related Articles

Back to top button
Close