Home Sliderखबरेविदेश

लंदन आतंकी हमला: भारतीय उच्चायोग ने जारी किए इमरजेंसी नंबर, 6 लोगो की मौत

लंदन, 04 जून: ब्रिटेन की राजधानी लंदन एक बार फिर आतंकी हमले से थर्रा गया है। शनिवार देर रात एक के बाद एक हुए दो आतंकी हमलों में छह लोगों की जान चली गई, जबकि इस दौरान पुलिस ने तीन आतंकियों को भी मार गिराया। वहीं, हमले में 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें पांच अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, लंदन ब्रिज में एक तेज रफ्तार वैन ने लोगों को रौंद दिया। जबकि बोरा हाई स्ट्रीट पर संदिग्धों ने लोगों पर चाकुओं से हमला किया। मीडिया रिर्पोट के मुताबिक पुलिस ने तीन संदिग्धों को मार गिराया है।

भारतीय उच्चायोग ने जारी किया इमरजेंसी नंबर

वहीं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस हमले के बाद भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर (02076323035) जारी किए हैं। भारतीय उच्चायुक्त ने बयान जारी कर कहा कि इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित लोगों, उनके परिवारों और दोस्तों को हरसंभव मदद देंगे। साथ ही, स्थानीय लोगों से अधिक जानकारी के लिए मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आपातकालीन नंबर 999 पर संपर्क करने को कहा गया है। दूसरी ओर, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंदन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘स्तब्धकारी’ करार दिया है।

ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने भी करार दिया आतंकी हमला

ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने भी लंदन में हुई देर रात घटनाओं को संभावित आतंकवादी हमला करार दिया है। मे ने एक बयान में कहा, पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों से जानकारी मिलने के बाद मैं यह पुष्टि कर सकती हूं कि लंदन में भयानक घटना को आतंकवाद के संभावित कृत्य के रूप में लिया जाए। उधर पुलिस की तरफ से ट्वीट कर कहा गया है कि लंदन ब्रिज और बरो मार्केट की घटनाओं को आतंकवादी घटनाएं घोषित किया गया है।

बीबीसी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया है कि लंदन ब्रिज पर रात 10 बजे के करीब राहगीरों को टक्कर मारने के बाद वैन से तीन शख्स चाकू के साथ उतरे और लोगों पर हमला शुरू कर दिया। वहीं कुछ चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने वहां गोली चलने की भी आवाज सुनी।
मीडिया रिर्पोट के अनुसार, परिवहन विभाग ने हमले के बाद से पुल को दोनों तरफ से बंद कर दिया है। इसके साथ ही शहर के अंडरग्राउंड ट्रेन स्टेशनों को बंद कर दिया गया है और ब्रिज के आसपास के इलाकों को खाली करवा लिया गया है। वहीं लंदन के मेयर सादिक खान ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मेयर ने जनता से केवल आधिकारिक जानकारियों पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है

ट्रंप ने की मदद की पेशकश, दोहराई यात्रा बैन की बात

लंदन हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन को मदद की पेशकश की है। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि लंदन और ब्रिटेन की मदद के लिए अमेरिका हरसंभव कोशिश करेगा। 

लंदन की घटनाओं को लेकर मदद की पेशकश करने वाले ट्वीट से कुछ देर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने छह मुस्लिम बाहुल्य देशों के लोगों पर यात्रा संबंधी प्रतिबंध की अपनी योजना पर अदालती रोक के बारे में ट्वीट किया था। उन्होंने कहा, हमें चौकस और सख्त होने की जरूरत है। ट्रंप ने कहा कि अदालत हमारे अधिकार हमें वापस दे। हमें सुरक्षा के अतिरिक्त स्तर के तौर पर यात्रा प्रतिबंध की जरूरत है। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close