Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

लक्जमबर्ग जाने वाली पहली भारतीय विदेश मंत्री बनीं सुषमा स्वराज

नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। चार यूरोपीय देशों की यात्रा पर निकली विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यूरोपीय देश लक्जमबर्ग पहुंचकर वहां राजनायिक स्तर की बैठकों में हिस्सा लिया। स्वराज ने लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल से मुलाकात की। वे लक्जमबर्ग के ग्रैंड ड्यूक हेनरी अल्बर्ट गेब्रियल फेलेक्स मैरी गिलाउम से भी मिली। स्वराज ने लक्जमबर्ग के विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री से भी मुलाकात की। भारत-लक्जमबर्ग के 70 साल के राजनायिक इतिहास में सुषमा स्वराज पहली भारतीय विदेश मंत्री हैं, जो आधिकारिक तौर पर लक्जमबर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की लक्जमबर्ग में राजनायिक बैठकों की शुरूआत देश के प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल से मुलाकात से हुई। दोनों के बीच बातचीत बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। दोनों नेताओं ने भारत-लक्ज़मबर्ग के बीच व्यापार एवं निवेश, स्पेस तकनीकी, डिजिटल इंडिया, दोनों देशों के नागरिकों के बीच बेहतर संपर्क एवं संवाद को लेकर बात की। 

इसके बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राजनायिक प्रोटोकॉल के तहत लक्जमबर्ग के ग्रैंड ड्यूक हेनरी अल्बर्ट गेब्रियल फेलेक्स मैरी गिलाउम से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत-लक्जमबर्ग के 70 साल के राजनयिक संबंधों को लेकर बात हुई। इसके बाद विदेश मंत्री लक्जमबर्ग के विदेशी एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री से मिलीं। दोनों के बीच भारत-लक्जमबर्ग द्विपक्षीय संबंधों को लेकर विस्तार से बात हुई। इसके अलावा दोनों मंत्रियों ने भारत-यूरोपीय यूनियन संबंधों को लेकर भी बात की। 

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 4 देशों इटली, फ्रांस, लक्जमबर्ग और बेल्जियम की यात्रा पर हैं। रविवार, 17 जून से शुरू हुई विदेश यात्रा 23 जून तक चलेगी। स्वराज की यात्रा इटली से शुरू हुई, जिसके बाद फ्रांस और अब लक्जमबर्ग पहुंचीं। यहां से विदेश मंत्री बेल्ज़ियम जाएंगी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 19-20 जून को लक्जमबर्ग यात्रा पर हैं। यह भारत के विदेश मंत्री द्वारा लक्जमबर्ग की पहली यात्रा होगी। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के 70 वर्ष हो चुके हैं।

विदेश मंत्री 20-23 जून को बेल्जियम जाएंगी, जहां वे ब्रूसेल्स में, बेल्जियम के उप- प्रधानमंत्री और विदेश मामलों के मंत्री डिडिएर रेंडर्स से मुलाकात करेंगी। ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ का मुख्यालय है, जहां सुषमा यूरोपीय यूनियन के अध्यक्ष जीन-क्लाउड जुनेकर से मुलाकात करेंगी। स्वराज यूरोपीय संसद के अध्यक्ष एंटोनियो ताजानी से भी मुलाकात करेंगी। स्वराज भारत के यूरोपीय संघ के संबंधों की समीक्षा के लिए यूरोपीय आयोग के यूरोपीय मामलों के विदेश मामलों और सुरक्षा नीति यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि फेडेरिया मोगेरिनी के साथ भी मिलेंगी। ब्रुसेल्स में सुषमा स्वराज उच्च स्तरीय कार्यक्रम ‘जलवायु, शांति और सुरक्षा: समय के लिए कार्य’ पर अपना वक्तव्य देंगी। साथ ही यूरोपीय संसद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगी और भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगी।

Related Articles

Back to top button
Close