उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

लक्ष्मणपुरी से अयोध्या धाम तक आरएसएस की साईकिल यात्रा

लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस पर जहां पूरा देश तिरंगे को सलामी देगा, वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता समरसता व साहस का पैगाम लिखेंगे। इसका गवाह 1090 चौराहा स्थित अम्बेडकर शाखा बनेगी।

26 जनवरी को प्रातः 07 बजे लखनऊ दक्षिण भाग के अम्बेडकर शाखा के सैकड़ों स्वयंसेवक लक्ष्मणपुरी से अयोध्या धाम तक साईकिल यात्रा निकालकर समरसता व साहस का संदेश देंगे। संघ की ओर से इसे साहसिक यात्रा बताया जा रहा है।

यह यात्रा लखनऊ के संवाद नगर की अम्बेडकर शाखा से प्रारम्भ होकर अयोध्या के कारसेवकपुरम तक जायेगी। यात्रा के दौरान हर 30 किलोमीटर पर पड़ाव होगा। पड़ाव स्थल पर स्थानीय कार्यकताओं द्वारा वहां की भौगोलिक, ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के बारे में बताया जायेगा।

इस यात्रा में शामिल स्वयंसेवकों को संघ की पैन्ट, काली टोपी व जूता पहनना अनिवार्य है। साहसिक यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं की अपनी साईकिल होगी। पूरी यात्रा का सफर साईकिल से करना अपेक्षित है।

यह यात्रा 26 जनवरी की शाम तक यात्रा कारसेवकपुरम पहुंचेगी। रात्रि भोजन व विश्राम के बाद 27 जनवरी को प्रातः सरयू में सामूहिक स्नान के बाद सभी स्वयंसेवक श्रीराम जन्मभूमि पर मत्था टेंकेंगे। इसके अलावा अयोध्या के प्रमुख मंदिरों जैसे हनुमानगढ़ी, कनक भवन, मणिराम दास जी की छावनी का भी दर्शन पूजन करेंगे। 28 जनवरी को यात्रा प्रातः कारसेवकपुरम से लखनऊ के लिए रवाना होगी।

लखनऊ के सह विभाग कार्यवाह बृजेश ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निरन्तर 92 वर्षों से सम्पूर्ण हिन्दू समाज को एक सूत्र में पिरोने व उनके अन्दर धैर्य, साहस एवं स्वाभिमान का भाव जागरण का कार्य करता आ रहा है। संघ कार्यकर्तांओं को कठिन से कठिन कार्य को भी सहज प्रकार से करने एवं साहस व शौर्य का परिचय देने हेतु साहसिक यात्रा निकाली जा रही है। 

लखनऊ दक्षिण भाग के सायं कार्यवाह सिद्धार्थ ने बताया कि 26 जनवरी को प्रातः काल संवाद नगर की अम्बेडकर शाखा पर सह प्रान्त प्रचारक रमेश जी के उद्बोधन के बाद यात्रा प्रारम्भ होगी।

Related Articles

Back to top button
Close