Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

लोकतंत्र की हुई जीत, मुख्यमंत्री दें इस्तीफा : सपा

कानपुर, 14 मार्च (हि.स.)। लोकसभा उप चुनाव की गोरखुपर और फूलपुर सीटों में जनता ने जुमलेबाजी करने वालों को अपने मतदान के जरिये करारा जवाब दिया है। इन दोनों सीटों पर सपा गठबंधन के साथ लोकतंत्र की जीत हुई है। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री में कुछ भी नैतिकता हो तो वह इस्तीफा दे दें। यह बातें जीत से उत्साहित अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य नीलम रोमिला सिंह ने कही। 

सपा गठबंधन ने भारी उलटफेर करते हुए गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उप चुनाव में जीत दर्ज की। लेकिन परिणाम सकारात्मक आते ही सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी कार्यालय पर जमा होने लगे। सपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बसपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने दोनों महत्वपूर्ण सीटों पर हुई जीत से मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और आतिशबाजी भी की। इस दौरान सपा नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। 

अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य नीलम रोमिला सिंह ने कहा कि भाजपा झूठे विकास का ढिढोंरा पीट रही है। इसी के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के क्षेत्र की जनता ने सबक सिखाने का काम किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की भी मांग की गई। सपा के नगर अध्यक्ष मोइन खान ने कहा कि अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा बुरी तरह से पराजित होगी। ग्रामीण जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता जुमलेबाजों की झूठी बातों से ऊब चुकी है। यह तो अभी ट्रेलर है और पूरी पिक्चर आगामी लोकसभा में दिखेगी। 

पूर्व नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने कहा कि यह जीत अखिलेश यादव द्वारा कराये गये विकास कार्यों की जीत है। यही नहीं इस खुशी में बसपा के भी पदाधिकारी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button
Close