खबरेहरियाणा

शिशु देखभाल के लिए महिला कर्मचारियों को मिलेगा अवकाश

चंडीगढ़, 05 जनवरी (हि.स.)। अब नगर पालिका, परिषद एवं निगमों में कार्यरत महिला कर्मचारी अन्य विभागों की भांति अपनी शिशु देखभाल अवकाश लेने की अधिकारी होंगी। गुरूवार को इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वीकृति दे चुके हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारियों को शिशु देखभाल अवकाश मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे पूर्व तक इस सुविधा से महरूम रही महिला कर्मचारियों द्वारा विभागीय एवं प्रदेश की महिला मंत्री कविता जैन के समक्ष इस मांग को रखा गया था। उनका कहना था कि विभिन्न विभागों में हरियाणा के वित्त विभाग के 5 नवंबर 2010 के पत्र के निर्देशानुसार महिला कर्मचारियों को शिशु देखभाल अवकाश की सुविधा देनी थी। लेकिन यह मांग फाइलों में दबी रही।

तकरीबन छह साल के लंबे अंतराल से इस सुविधा का लाभ उठाने से महरूम महिला कर्मचारियों की आवाज को मंत्री कविता जैन द्वारा सुना गया तथा बीते नवंबर माह में ही अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। अब बताया जा रहा है कि मंत्री कविता जैन के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी स्वीकृति दे दी है, जिसे अब नगर पालिका, नगर परिषद एवं नगर निगमों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को यह लाभ दिया जाना सुनिश्चित हो गया है।

Related Articles

Back to top button
Close