खबरेदेशनई दिल्ली

सांपला का यू टर्न , इस्तीफे से किया इनकार.

नई दिल्ली, 17 जनवरी= पंजाब में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद की खबरों के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला ने अपने इस्तीफे की खबरों का खंडन किया है। सांपला दिल्ली में हैं| उन्होंने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत से मुलाकात की। उन्होंने भाजपा महासचिव (संगठन) रामलाल से भी मिल कर पंजाब के मौजूदा सियासा हालात पर चर्चा की। हालांकि उन्होंने इस्तीफा भेजे जाने की खबरों से इनकार किया है। सांपला की मुलाकात आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भी होनी है।

इससे पहले सांपला के नाराज होने की बात सामने आई थी। सांपला की नाराजगी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट आने के बाद सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विजय सांपला ने लिस्ट में शामिल कुछ नामों पर ऐतराज जाहिर किया था। अपनी नाराजगी जताने के लिए सांपला ने केंद्रीय नेतृत्व को इस्तीफा भेजा। सांपला ने राज्य सरकार में कैबिनेट पद छोड़ने की भी पेशकश की। हालांकि, सांपला खुद अब इसका खंडन कर रहे हैं। इसके बाद अमित शाह ने सांपला को दिल्ली तलब किया। शाह के बुलावे पर वह दिल्ली पहुंचे हैं।

सूत्रों के मुताबिक सांपला टिकटों के बंटवारे में उनकी सलाह को नजरअंदाज किए जाने से नाराज हैं। बीते सोमवार को जारी लिस्ट में भाजपा ने अमृतसर (नॉर्थ), फगवाड़ा, जालंधर (वेस्ट), जालंधर (सेंट्रल), आनंदपुर साहिब और फजिल्का सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। खबरों के मुताबिक जालंधर (वेस्ट) और फगवाड़ा से सांपला के मनपसंद उम्मीदवारों को पार्टी ने मौका नहीं दिया। फगवाड़ा में उनके विरोधी माने जाने उम्मीदवार को उतारा गया है। हालांकि पार्टी ने सांपला का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है| खुद विजय सांपला ने इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button
Close