उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सिर्फ ​सिगरेट न लाने पर मो. शेरू की हुई थी हत्या, एक गिरफ्तार

वाराणसी, 03 जनवरी : लंका पुलिस ने मोहम्मद शेरू हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। शेरू की हत्या सिगरेट न लाने के विवाद में हुई थी।

छोटा सीर गोवर्धनपुर निवासी गिरफ्तार हत्यारोपी कल्ली यादव को बुधवार को थाने में मीडिया के सामने पेश किया गया। पत्रकारों को कल्ली ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने साथी पाले यादव, पुल्लू यादव, रवि यादव, अशोक यादव, अर्जुन हरिजन के साथ छित्तुपुर स्थित छोटा रविदास मंदिर के पास मौजूद था। इसी दौरान मोहम्मद शेरू आता दिखा। हम लोगों ने उसे रोक कर सिगरेट लाने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। इसी बात के विवाद में हम लोगों ने उसे बैट, स्टम्प और पटरी के लकड़ी से जमकर पीटा और उसे मरा समझ कर भाग निकले। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

छित्तूपुर निवासी फतेह मोहम्मद कृषि विज्ञान संस्थान बीएचयू से सेवानिवृत्त हैं। सात बेटे और दो बेटियों में शेरू चौथे नंबर पर था। उसकी शादी नहीं हुई थी। शेरू छित्तूपुर स्थित घर के भूतल पर जनरल स्टोर का संचालन करता था। परिजनों के अनुसार शेरू घटना वाली शाम पचास हजार रुपये लेकर दुकान का सामान लाने को घर से निकला था। रास्ते में उसकी मुलाकात अर्जुन कुमार से हुई, जो शेरू को छित्तूपुर स्थित छोटा रविदास मंदिर ले गया। वहां पहले से पांच-छह युवक मौजूद थे। सभी ने अचानक शेरू पर लोहे की रॉड व अन्य हथियार से हमला बोल दिया। अधमरा करने के बाद शेरू के पास से 50 हजार रुपये और गले में पड़ी सोने की चेन लूट कर फरार हो गए। रॉड से सिर पर वार होने से शेरू की हालत गंभीर हो गई थी। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पुलिस छित्तूपुर गेट पर पहुंची। उस दौरान परिजन भी थे, जिन्होंने शेरू को पहचाना और उसे तुरंत ट्रामा सेंटर ले गए। जहां इलाज के दौरान शेरू की मौत हो गई। शेरू की मौत से परिजनों व क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर लोगों ने छित्तूपुर में चक्का जाम कर दिया था। 

लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि वह अपने हमराहियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मो. शेरू हत्याकांड का एक आरोपी ट्रामा सेन्टर भिखारीपुर चौराहे के निकट मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। 

Related Articles

Back to top button
Close