उत्तराखंडखबरेराज्य

सीएम ने रन फॉर गुड गवर्नेंस को झण्डी दिखाकर किया रवाना

देहरादून, 07 नवम्बर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को सचिवालय में राज्य स्थापना सप्ताह के अवसर पर आयोजित रन फॉर गुड गवर्नेंस को झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौकेे पर उन्होंने कहा, ‘आज हम सचिवालय के लोग यहां अच्छे प्रशासन के लिए दौड़ रहे हैं। सचिवालय की परिक्रमा कर हमें प्रदेश के विकास की गति व गुड गवर्नेंस पर विशेष संदेश देना होगा। सकारात्मक सोच के साथ राज्य में विकास की गति तेजी से दौड़े, यह संकल्प लेकर हमें दौड़ना है।’

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य अपने स्थापना के 17 वर्ष पूरे करने जा रहा है। हमने रैबार कार्यक्रम से इसकी शुरुआत की है। देश के महत्वपूर्ण स्थानों पर उत्तराखण्ड के लोगों को इसमें सम्मिलित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोग अपने घर आएं, यही महसूस कराना रैबार कार्यक्रम का लक्ष्य था।

उन्होंने कहा कि दो नदियों अल्मोड़ा में कोसी और देहरादून में रिस्पना (ऋतुपर्णा) नदी के पुनर्जीवीकरण का कार्यक्रम शुरू किया गया है। यदि हम अभी भी नहीं बदले तो इन नदियों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। हमें इसके लिए दीर्घकालिक योजना पर कार्य करना है। यह कार्य जन सहयोग से होना है। हमने तय किया है कि इस कार्य को सरकारी और सहकारी भाव से किया जाना है, जिसके लिए परमार्थ निकेतन ने एक करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है। रिस्पना के लिए ऐसी रणनीति बनानी है, जिसमें जितने भी पौधे लगें, उन्हें एक दिन में ही लगाया जाए।

उन्होंने आह्वान किया कि इसमें सभी लोग सम्मिलित हों, तभी यह अभियान सफल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे आईएएस अधिकारी विद्यालयों में गए। उन्होंने वहां की स्थिति और विद्यार्थियों की स्थिति समझा होगा। नीति निर्धारक जब सच्चाई को जानेंगे, स्थिति को समझेंगे तो उसके अनुसार नीतियां बना पाएंगे। वहीं कार्यक्रम में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं सचिवालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close