उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सेतु व एप्रोच रोड सेतु निगम बनायेगा: केशव प्रसाद मौर्य

50 वर्ष के विजन के साथ करें सड़क निर्माण

लखनऊ, 28 दिसम्बर(हि.स.)। उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को एक बैठक में कहा कि सूबे में सेतु और एप्रोच रोड सेतु निगम ही बनायेगा। वे सेतु निगम मुख्यालय के सभागार में आयोजित निदेशक मण्डल की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि भविष्य में बनने वाले सेतु तथा एप्रोच मार्ग सेतु निगम द्वारा ही बनाये जायेंगे। श्री मौर्य ने कहा कि सेतु निगम, राजकीय निर्माण निगम तथा लोक निर्माण विभाग स्वीकृत परियोजनाओं के लोकार्पण तथा शिलान्यास के लिए सूची तैयार करें तथा जिन कार्यों में किसी भी प्रकार का विवाद है उनको हल करने के हर सम्भव उपाय किये जायें। 

उप मुख्यमंत्री ने कार्य की गति धीमी होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की तथा निर्देश दिये कि सभी कार्य समयबद्धता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किये जाये। उन्होंने रेस गंगा सेतु परियोजना के सम्बन्ध में चल रहे आरबी ट्रेशन प्रकरण की शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिये।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेतु निगम का स्वर्णिम इतिहास रहा है, उसे अपनी पूर्व की स्थिति बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिये। श्री मौर्य ने शिफ्ट में सेतु निगम को कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने नये तथा पुराने सेतुओं के निर्माण तथा उनकी नियमित मानीटरिंग के लिए समिति का गठन किया जाये, ताकि पुलों का समय पर मेन्टीनेंस होता रहे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुल पर निरीक्षण रिपोर्ट भी अंकित की जानी चाहिए। श्री मौर्य ने वाराणसी में टीम लगाकर वह छोटे बड़े पुलों की सूची तैयार कर उनके निर्माण हेतु कार्य योजना तैयार करें, ताकि उन पर कार्य शुरू किया जा सके।

श्री मौर्य ने लोक निर्माण की तीनों संस्थानों को निर्देश दिये कि वे 5 वर्ष के विजन को देखते हुए ब्रिज तथा सड़कों की कार्य योजना बनाये जिसमें आगामी 50 वर्ष का विजन भी रखे ताकि प्रदेश सड़कों के मामले में अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बन सके।

निदेशक मण्डल ने कहा कि कारपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत व्यय की जाने वाली धनराशि को भारत स्वच्छता मिशन के तहत कार्य योजना बनाकर किया जायेगा। इसके साथ ही सेतु निगम के बीमार कार्मिकों को इमरजेन्सी सर्टिफिकेट के आधार पर ही बाहर उपचार की अनुमति दी जायेगी। सेतु निगम ने कार्मिकों की कमी पर चर्चा के दौरान निदेशक मंडल ने सहमति देते हुए निर्णय लिया कि आवश्यक पदों पर भर्ती के लिए एक प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रस्तुत किया जाय तथा निुयक्ति में पूर्ण पारदर्शिता बरते जाने के सभी उपायों पर भी विचार किया जाये।

बैठक में अपर मुख्य सचिव सदाकान्त, विशेष सचिव राजशेखर, पी0डब्लू डी के विभागाध्यक्ष वी0के0 सिंह, एमडी निर्माण निगम, विश्वडीपक, एमडी सेतु निगम राजन मित्तल सहित निदेशक मण्डल के सभी प्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
Close