खबरेराज्यहरियाणा

हरियाणा में आईएएस अधिकारियों व चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द

चंडीगढ़, 23 अगस्त (हिस)। हरियाणा सरकार ने सभी आईएएस और एचसीएस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही सरकार ने प्रदेश के सभी चिकित्सकों तथा चिकित्सकीय कार्यों में लगे कर्मचारियों की भी छुट्टियां रद्द कर दी है। सरकार ने यह कदम डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ चल रहे यौन शोषण मामले में 25 अगस्त को आने वाले फैसले को देखते हुए लिया है।

कार्मिक विभाग के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्देश ‘डेरा सच्चा सौदा मामले’ के मद्देनजर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जारी किए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों का ड्यूटी पर रहना आवश्यक है। अत: उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और अन्य एचसीएस अधिकारी आगामी आदेशों तक अवकाश पर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि अवकाश, यदि पहले से स्वीकृत है तो, रद्द माना जाए। 

गौरतलब है कि डेरा प्रमुख के खिलाफ साध्वी यौन शोषण का केस पंचकुला की सीबीआई अदालत में चल रहा है जिसमें कोर्ट द्वारा 25 अगस्त को अपना फैसला सुनाया जाएगा। अगर कोर्ट का फैसला डेरा प्रमुख के खिलाफ आता है तो आशंका है कि डेरा प्रमुख के अनुयायी प्रदर्शन कर सकते हैं। यह प्रदर्शन हिंसक भी हो सकता है जिसको देखते हुए सरकार अतिरिक्त सावधानियां बरत रही है।

हरियाणा के स्वास्थ्य महानिदेशक ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए हैं, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश की मौजूदा कानून व्यवस्था को देखते सभी चिकित्सकों तथा चिकित्सकीय कार्यों में लगे कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं। जो लोग किन्हीं कारणों से छुट्टी पर हैं, उनकी भी छुट्टी रद्द की जाती है। किसी को भी 30 अगस्त तक छुट्टी न दी जाए।

Related Articles

Back to top button
Close