Home Sliderखबरेराज्यहिमाचल प्रदेश

हिमाचल-गुजरात की संभावित हार को देख कांग्रेस ने रोकी राहुल की ताजपोशी : स्मृति ईरानी

मंडी, 07 नवम्बर (हि.स.)। हिमाचल और गुजरात की संभावित हार को देख कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी रोक दी है। सूचना एवं प्रसारण तथा कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पनारसा में भाजपा प्रत्याशी जवाहर ठाकुर के पक्ष में आयोजित रैली को संबोधित किया। 

उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान की राजनीति में यह पहली बार हुआ है कि देश के विकास को कांग्रेस दुख के रूप में प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में देश के गरीब बुनकरों के लिए 40 में से 22 स्कीमों पर कांग्रेस ने एक भी रुपये खर्च नहीं किया। जबकि बुनकर और शिल्पकार हमारे संस्कारों, गाथाओं आदि को आगे बढ़ाते हैं। हिमाचल प्रदेश में विकास की दिशा तय करने के लिए परिवर्तन की लहर है। हिमाचल की तिजोरी से हाथ साफ करने वालों को हटाना है। 

स्मृति ईरानी ने कहा कि घोटाले करने वाले कांग्रेस के दरवाजे पर दस्तक क्यों देते हैं। यूपीए के शासनकाल में टूजी, कोयला और कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले हुए। वहीं हिमाचल में वीरभद्र सिंह के बगीचे में सेब नहीं पैसा उगता था। कांग्रेस के शासन में बिचौलियों का राज रहा। हिमाचल में नौकरियों का घोटाला हुआ है। यहां योग्यता नहीं लक्ष्मी का राज है। योग्यता के आधार पर रोजगार नहीं मिलता। क्योंकि योग्यता से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है।

द्रंग विधानसभा क्षेत्र के बारे में उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए नया नहीं है। बरोट में भी आ चुकी हूं और कुल्लू-मनाली के लिए यहां से गुजर चुकी हूं। कांग्रेस प्रत्याशी कौल सिंह ठाकुर पर कटाक्ष करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि उनका सीएम का सपना तो पूरा नहीं हुआ। मगर बतौर स्वास्थ्य मंत्री वे अपने क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया नहीं करवा पाए। उन्होंने कहा कि ये अनोखा चुनाव है। जहां वोटिंग से पहले ही परिवर्तन की लहर कांग्रेस को दिखने लगी है।

Related Articles

Back to top button
Close