खबरेहिमाचल प्रदेश

हिमाचल में रातें हुईं और सर्द, पारे में गिरावट

शिमला, 10 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रात के दौरान सर्दी में बढ़ोत्तरी हुई और शुष्क मौसम के कारण ज्यादातर स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य के निचले व मैदानी भागों में पर्वतीय इलाकों की तर्ज पर ठंड पड़ रही तथा न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बारिश-बर्फबारी की आशंका से न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है। 

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पर्वतीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लु जिलों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा।उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति का केलंग शनिवार को सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह कुल्लु जिले के मनाली में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

इसके अलावा सोलन में न्यूनतम तापमान 0.6 और भुंतर में 1.2 डिग्री दर्ज हुआ। राजधानी शिमला में 1.6, सुंदरनगर में 1.7, बिलासपुर में 1.9, चम्बा में 2.7, पालमपुर में 3, हमीरपुर में 3.6, कांगड़ा में 4.2 और ऊना में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 

मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले दो दिन मौसम खराब रहेगा। 11 व 12 फरवरी को राज्य के मध्यवर्ती और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी। 

Related Articles

Back to top button
Close