Home Sliderखबरेगुजरातदेशराज्य

गुजरात के लिए खतरे की घंटी, पिछले 12 घंटों में दर्ज हुए 14 नए पॉजिटिव मामले

अहमदाबाद । गुजरात के लिए खतरे की घंटी इसलिए है क्योंकि पिछले 12 घंटों में राज्य में 14 नए पॉजिटिव मामले दर्ज हुए हैं। इसमें अहमदाबाद में 8, भावनगर में 2, वडोदरा में 1, छोटाउदेपुर में 1 और सूरत में 2 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल 122 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी हैं।

स्वास्थ्य प्रमुख सचिव जयंती रवि ने कहा कि अहमदाबाद के सभी 8 मरीज दिल्ली के तब्लीगी कार्यक्रम से लौटे लोगों के संपर्क में आये थे। तब्लीगी जमात मरकज के सभी लोगों की जांच चल रही है। पॉजिटिव नहीं होने पर भी उन्हें अलग-थलग रखा जाएगा।

जयंती रवि ने कहा कि कुल 33 लोग विदेश से आए हैं जिनमें से 17 विदेशी कोरोना पॉजिटिव हैं। उन्होंने बताया कि अब तक अहमदाबाद में 53 पॉजिटिव मामले हैं और 5 मौतें हुईं हैं। गांधीनगर में 13 पॉजिटिव मामले, सूरत में 15 पॉजिटिव मामले और 2 मौतें, राजकोट में 10 पॉजिटिव मामले, भावनगर में 11 पॉजिटिव मामले और 2 मौतें, वडोदरा में 10 पॉजिटिव मामले और 1 मौत, पोरबंदर में 03 पॉजिटिव मामले, गिर-सोमनाथ में 02 पॉजिटिव मामले, कच्छ में 01 पॉजिटिव मामला, मेहसाणा में 01 पॉजिटिव मामला, पंचमहल में 01 पॉजिटिव मामला और 01 मौत, पाटन में 01 पॉजिटिव मामला, छोटाउदेपुर में 01 पॉजिटिव मामला और 01 मौत हुई है। इस तरह कुल 122 मामलों में से 33 विदेशी हैं, 17 अंतरराज्यीय हैं और 72 स्थानीय ट्रांसमिशन से हैं। तब्लीगी जमात के मरकज कार्यक्रम में शामिल होने वाले सात नए लोगों के साथ कुल 110 लोगों की पहचान की जा चुकी है।

राज्य के पुलिस प्रमुख शिवानंद झा ने कहा कि लॉकडाउन के बाद निजामुद्दीन तब्लीगी जमात के मरकज से गुजरात लौटे 10 लोगों के खिलाफ चार केस दर्ज किए गए हैं जिनमें से 2 बोटाद में और 1-1 मामला नवसारी-भावनगर में पंजीकृत किया गया है।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close