Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

RSS के वरिष्ठ प्रचारक रामलखन सिंह का निधन, मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ, 20 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. राम लखन सिंह का मंगलवार को माडल हाउस स्थित संघ कार्यालय केशव भवन में अपरान्ह 11.30 बजे निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केशव भवन कार्यालय पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

मुख्यमंत्री ने संघ के प्रचारक वीरेन्द्र सिंह से पूछा कि कब से उनकी तबियत खराब थी। उन्होंने बताया कि इधर करीब 20 दिनों से वह केजीएमयू में भर्ती थे। केजीएमयू के कुलपति प्रो. एम.एल.बी.भट्ट व प्रो. सूर्यकान्त ने मुख्यमंत्री को उनके इलाज संबंधी जानकारी दी। 

मुख्यमंत्री के साथ राज्यमंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने भी उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि की। लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, प्रदेश भाजपा कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, संघ के प्रान्त प्रचारक कौशल, सह प्रान्त कार्यवाह प्रशान्त भाटिया ने भी उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। राम लखन सिंह के निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ महानगर के संघ कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। संघ के प्रचारक गंगा सिंह ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार बुधवार को भैंसाकुण्ड पर होगा। 

केजीएमयू में उनका इलाज कर रहे गैस्ट्रोलोजी विभाग के प्रो. डा. सुमित रूंगटा ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि राम लखन सिंह के लीवर में इन्फेक्शन था। किडनी भी खराब हो चुकी थी। 

उनके निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा,विद्यार्थी परिषद,मजदूर संघ, विश्व हिन्दू परिषद, किसान संघ, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच और हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने गहरा शोक प्रकट किया है। 

स्व. राम लखन सिंह का जन्म 1939 में सिद्धार्थनगर जिले के ग्राम अयार पो. सरहटा में हुआ था। वह दो भाई थे। विद्यार्थी जीवन में ही बस्ती में पढ़ाई के दौरान राम लखन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सम्पर्क में आये। तत्कालीन संघ के प्रचारक स्व. ठाकुर संकटा प्रसाद सिंह की प्रेरणा से वह सन 1962 में संघ के प्रचारक बने। संघ कार्य के लिए उन्हें सबसे पहले राबर्टगंज के दुद्धी तहसील भेजा गया। इसके बाद सुलतानपुर का जिला प्रचारक बनाकर भेजा गया। वहां भी उन्होंने संघ के कार्य को गति प्रदान की। आपातकाल के दौरान रामलखन सिंह सुलतानपुर के जिला प्रचारक रहे। आपातकाल के समय संघ की गतिविधियों का उन्होंने कुशलतापूर्वक संचालन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतापगढ़ और यहां के बाद बाराबंकी व उन्नाव में भी जिला प्रचारक के नाते कार्य किया। 

वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि राम लखन सिंह गोण्डा और झांसी के विभाग प्रचारक भी रहे। झांसी विभाग प्रचारक के बाद उन्हें कानपुर प्रान्त का सम्पर्क प्रमुख बनाया गया। इसके बाद उन्होंने अवध प्रान्त के व्यवस्था प्रमुख की भी जिम्मेदारी काफी दिनों तक संभाली। संघ में धर्म जागरण समन्वय विभाग बनने के बाद उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का धर्म जागरण प्रमुख बनाया गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में हजारों परिवारों की घर वापसी कराई। वर्तमान में वह पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यकारिणी के सदस्य थे। उनका केन्द्र लखनऊ के माडल हाउस स्थित संघ कार्यालय केशव भवन में था। 

विश्व संवाद केन्द्र के कार्यालय प्रमुख व संघ के वरिष्ठ प्रचारक जागेश्वर ने बताया वह हमारे प्रेरणास्रोत व मार्गदर्शक रहे। उनके जाने से संघ को अपूर्णनीय क्षति हुई है। 

Related Articles

Back to top button
Close