Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

कासगंज में दूसरे दिन भी बवाल, तीन बसें व आधा दर्जन दुकानें फूंकीं

कासगंज, 27 जनवरी (हि.स.): नगर में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान भड़की हिंसा शनिवार को फिर भड़क गयी। उपद्रवियों ने दूसरे दिन नदरई गेट पर तीन बसों को आग के हवाले कर दिया। बिलराम गेट पर छर्रा अड्डा व घंटाघर पर आधा दर्जन दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों द्वारा फायरिंग किये जाने की भी सूचना है। 

शनिवार को सुबह उस समय हिंसा भड़की जब शुक्रवार की घटना में मारे गये अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन की अन्त्येष्टि से लौट रहे लोगों को शुक्रवार की फायरिंग में घायल हुए राहुल उपाध्याय नामक एक अन्य युवक की मौत की सूचना मिली। हालांकि कासगंज के सीओ सदर सहित प्रशासन के आला अधिकारियों ने इस सूचना को कोरी अफवाह बताते हुए तुरन्त इस सूचना का खंडन किया किन्तु तब तक दंगाइयों ने नदरई गेट, बिलराम गेट, घंटाघर आदि को अपनी चपेट में ले लिया। कासगंज के गंगेश्वर कालोनी व बिलराम गेट पर फायरिंग होने की भी सूचना है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने इस दौरान उपद्रवियों पर जमकर लाठियां भांजीं और फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंच इस आग पर काबू पाया। 

कासगंज नगर में शुक्रवार से ही तैनात आरएएफ व पुलिस बल ने मथुरा-बरेली, आगरा-बरेली राजमार्ग को बंद करते हुए कासगंज नगर को पूरी तरह से सील कर उपद्रवियों से निपटने के लिए जमकर लाठियां भांजीं। आम नागरिकों को उनके घरों से भी नहीं निकलने दिया जा रहा है। कासगंज के बाजार शुक्रवार से ही पूरी तरह बंद हैं। राजमार्ग बंद होने से एटा, अलीगढ़, हाथरस, बदायूं आदि जाने के सभी मार्ग बंद हो गये हैं। कासगंज नगर में शनिवार को भी कर्फ्यू के हालात बने हुए हैं।

यूपी : कासगंज में हिंसा के बाद फिर हालात तनावपूर्ण , धरने पर बैठी साध्वी प्राची

कासगंज एसपी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने दंगाइयों की बड़ी हरकतों पर पूरी तरह काबू पा लिया है किन्तु उनकी छोटी-छोटी हरकतें अभी जारी रहने की सूचना के चलते उन पर भी काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

दूसरी ओर कासगंज जाने का प्रयास कर रही साध्वी प्राची को पुलिस ने सिकन्दराराऊ में गिरफ्तार कर लिया। कासगंज जिले के ही मुस्लिम बहुल कस्बों सहावर, गंजडुडवारा, पटियाली में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाले जाने तथा बाजार बंद रखे जाने की भी सूचना है। स्थिति पर नियंत्रण के लिए एटा, हाथरस, मथुरा व अलीगढ़ के एसएसपी को भी कासगंज में लगाया गया है। दूसरी ओर एडीजी अजय आनन्द ने कासगंज की हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया है कि वे इस घटना की स्वयं मानिटरिंग कर रहे हैं।

कासगंज में मौजूद अलीगढ़ मंडल के आयुक्त सुभाषचंद्र शर्मा ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने 40 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर स्थिति पर नियन्त्रण पा लिया है। नगर में पुलिस गश्त व दंगाइयों के विरूद्ध की जाने वाली कार्यवाही में कोई ढील नहीं दी जा रही है। समाचार लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button
Close