खबरेबिहारराज्य

गांधी सेतु पर ओवरटेक किया या फुटपाथ पर बाइक चलाई तो देना होगा 600 रूपया जुर्माना, नई व्यवस्था लागू

पटना, सनाउल हक़ चंचल-

उत्तर बिहार की लाईफ लाईन माने जाने वाली महात्मा गांधी सेतु पर अब ओवरटेक करने तथा इसके फुटपाथ पर बाइक चलाने पर जुर्माना देना होगा। जुर्माने की राशि 600 रूपए रखी गई है, जिसे नियम का उल्लंघन करने वाले को हर हाल में देना होगा। व्यवस्था की मानेटरिंग के लिए कम्यूनिटी पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।

वाहन परिचालन की नई व्यवस्था के तहत गाधी सेतु पर यदि वाहन चालकों ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो मौके पर ही छह सौ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। गांधी सेतु के पाया नंबर एक पर अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पटना के ट्रैफिक एसपी पीके दास ने इस नई व्यवस्था को गुरुवार से ही लागू कर दिया।

सेतु पर सुगम यातायात के लिए सोनपुर कम्युनिटी पुलिस के सौ सदस्यों को लगाया गया है। यह तीन शिफ्टों में गांधी सेतु पर ट्रैफिक को कंट्रोल करेंगे और वाहनों को अपनी लेन में चलने के लिए प्रेरित करेंगे। हर कट प्वाइंट पर कम्युनिटी पुलिस के सदस्यों को तैनात किया गया है। सेतु के फुटपाथ पर बाइक चलाते पकड़े जाने पर बाइक के चालक को छह सौ रुपये जुर्माना देना होगा।

मॉनीटरिंग के लिए कम्युनिटी सदस्यों का वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। महात्मा गांधी सेतु के सुपर स्ट्रक्चर को तोडऩे का काम तेजी से चल रहा है। पहले एक से 12 नंबर पाया तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था थी। अब 24 नंबर पाया तक सेतु की पश्चिमी लेन का सुपर स्ट्रक्चर तोडऩे से वन-वे व्यवस्था है। इससे पूर्वी लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इसी कारण अक्सर ऐसा होता है कि यदि कोई वाहन दूसरे को ओवरटेक करता है तो गांधी सेतु पर जाम लग जाता है। तीन दिन पहले ही इस पुल पर चार घंटे तक जाम लगा रह गया था। इसी के बाद वैशाली डीएम रचना पाटिल और एसपी राकेश कुमार ने गंगाब्रिज थाने पर अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक कंट्रोल की रणनीति बनाने के लिए पटना के ट्रैफिक एसपी को कहा था।

Related Articles

Back to top button
Close