Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस , दुनिया ने देखी देश की सैन्य ताकत

देशभक्ति में रंगा देश : राजपथ पर दुनिया ने देखी देश की सैन्य ताकत, राज्यों की 23 झांकियों ने मन मोहा 

नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। देशभर में 69वें गणतंत्र दिवस को पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान केंद्र सरकार के ‘न्यू इंडिया’ मिशन को ध्यान में रखते हुए देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्र भावना के एक सूत्र में पिरोने के प्रयास में देश के सुदूर वन क्षेत्रों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के साथ नक्सल-माओवाद प्रभावित इलाकों में तिरंगे को शान से फहराया गया। आलम यह रहा कि सम्पूर्ण देशवासी देशभक्ति के एक ही रंग में रंगे नजर आए।

69वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में तहत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राजपथ पर देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ आसियान के सभी दस देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी से कूटनीतिक ताकत का नजारा देखने को मिला। इस दौरान देश में स्त्री शक्ति के बढ़ते कदमों का सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की महिला मोटरसाइकिल टीम ‘सीमा भवानी’ ने प्रदर्शन किया। राजपथ पर राज्यों की 23 झांकियां निकलीं, जिसमें रामायण से न्यू इंडिया तक का सफर दर्शाया गया। झांकियों के क्रम में ऑल इंडिया रेडियो की झांकी पहली बार दिखाई गई।

राष्ट्रीय राजधानी के अलावा, देश के अन्य राज्यों में भी राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने झंडोत्तोलन कर राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस दौरान प्रभात फेरियों के निकाले जाने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

उत्तर प्रदेश में राज्यपाल राम नाईक ने लखनऊ विधानसभा में गणतन्त्र दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। गुजरात के मेंहसाणा में राज्यपाल ओपी कोहली ने ध्वज फहराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद रहे। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्य्पाल आचार्य देवव्रत ने परेड का निरीक्षण किया और झंडा फहराया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस अवसर पर मौजूद रहे। असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी ने गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में झंडोत्तोलन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी उपस्थित रहे। 

गणतंत्र दिवस समारोह पर मोदी की ऐतिहासिक पहल, आसियान के 10 राष्ट्राध्यक्ष मुख्य अतिथि

गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलरामजी दास टंडन ने रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। सीएम डॉ रमन सिंह ने नक्सल प्रभावित बस्तर में तिरंगा फहराया। इसके अलावा, मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भोपाल स्थित राजभवन में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना जिले में तिरंगा फहराया। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ कृष्ण कांत पाल ने 69वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण करते हुए पुलिस गार्ड की सलामी ली।

गणतंत्र दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने 69वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कोलकाता में झंडोत्तोलन किया। ओडिशा के राज्यपाल एस.सी. जमीर ने भुवनेश्वर में ध्वजारोहण किया। बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराया। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अम्बाला, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक में झंडा फहराते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं| पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। वहीं, जम्मू कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने ध्वजारोहण किया।

इसके अलावा, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने आवासों पर झंडा फहराया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने केरल के पलक्कड़ में एक स्कूल परिसर में ध्वजारोहण किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया।

रामेश्वरम में पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के बड़े भाई मोहम्मद मुत्तु मीरन लेब्बै मराइकर ने कलाम हाउस में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यूपी के इलाहाबाद में माघ मेला के दौरान संतों ने गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया। लखनऊ के ईदगाह में फिरंगी महली ने ध्वजारोहण किया था| यहां भारत माता के नारे भी लगाए गए। इस क्रम में उत्तराखंड की तीर्थ नगरी हरिद्वार में योगगुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने तिरंगा फहराया। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवेसी ने हैदराबाद के मदीना सर्किल पर तिरंगा फहराया।

Related Articles

Back to top button
Close