उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

बर्फीली हवाओं ने बढ़ायी सिहरन,न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से बढ़ेगी ठंड

वाराणसी, 19 दिसम्बर (हि.स.)। हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते गलन और ठंड ने मंगलवार को अपनी जबरदस्त उपस्थिति दर्ज करा दी। सर्द हवाओं और गलन के चलते सुबह-सुबह घर से निकलने वालों को इसका एहसास रहा। लोग पूरी तरह शरीर को गर्म कपड़ों से ढ़के रहे। वहीं मोटरसाइकिल सवारों के साथ बसों और ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को गलन ने काफी सताया। पूर्वांह 11 बजे तक अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा । जबकि सर्द हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गयी। 

इस सम्बन्ध में मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि गलन भरी ठंडक कुछ और दिन बनी रहेगी। यह स्थिति हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवा के कारण बनी है। बताया कि आसमान में हाई क्लाउड होने के कारण खिलकर धूप नहीं हो रही है। आने वाले दिनों में कोहरे और बादल की भी आशंका है। 

बीएचयू के भू-भौतिकी विभाग स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने के साथ ठंड व गलन और बढ़ेगी। गलन और ठंड के चलते सड़क किनारे रात गुजारने वाले गरीबों की मुश्किलें भी बढ़ने लगी है। रैन बसेरे में भी अभी गरीबों के लिए व्यवस्था नहीं की गयी है।

Related Articles

Back to top button
Close