उत्तर प्रदेशखबरे

बेमौसम बारिश के कारण वापस लौटी ठण्ड.

लखनऊ, 27 जनवरी=  सूबे में मौसम में अचानक परिवर्तन देखने को मिला है। बीते चौबीस घण्टों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने से ठण्ड एक बार फिर लौटती नजर आई है। बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी शीतलहर का एक बार फिर एहसास कराया। बीते कुछ दिनों से जिस तरह से तापमान में इजाफा हो रहा था और तेज धूप निकल रही थी, उससे ऐसा लग रहा था कि जैसे ठण्ड ने अलविदा कह दिया हो, लेकिन मौसम ने अचानक करवट ले ली है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेलिसयस के आसपास बना रहेगा। गुरूवार देर रात के बाद शुक्रवार सुबह भी राजधानी में बरसात हुई। इसके बाद कुछ देर थमने के बाद दोपहर को एक बार फिर अचानक हुई बारिश ने लोगों को भिगो दया। इस वजह से राजधानी की यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ा। बदली छाये रहने से ठण्ड का असर देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में बादलों के फिलहाल इसी तरह छाये रहने का अनुमान है। बारिश होने के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसी तरह पड़ोसी जनपद कानपुर का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री व अधिकतम 26 डिग्री दर्ज होने की सम्भावना है। वहीं बांदा का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।

इसके अलावा झांसी का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री व अधिकतम 26 डिग्री, वाराणसी का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री व अधिकतम 30 डिग्री, मेरठ का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री, बरेली का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री व अधिकतम 23 डिग्री, इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री व अधिकतम 29 डिग्री, आगरा का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री व अधिकतम 22 डिग्री और गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री व अधिकतम तापमान 25 डिग्री, अलीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह तेज बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ठण्ड बढ़ गई। विभाग ने अगले 24 घंटों तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर में आए चक्रवाती तूफान के कारण मैदानी इलाकों में भी बारिश हो रही है। इसी तरह उत्तरी राजस्थान और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती स्थिति का असर यहां मौसम पर दिखाई दे रहा है।

विभाग ने बारिश के साथ ही तेज ठण्डी हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जिससे ठण्ड में इजाफा होगा। बारिश का असर राज्य के लगभग हर हिस्से में दिखाई दे रहा है। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अगले 24 से 48 घण्टे तक ऐसी ही स्थिति रहने की सम्भावना है।

Related Articles

Back to top button
Close