खबरेमध्यप्रदेशराज्य

मध्यप्रदेश में होली की धूम, सीएम शिवराज ने रंगों में सराबोर हो गाए फाग गीत

भोपाल, 02 मार्च:  होली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। प्रदेशवासियों से धूमधाम से होली का पर्व मनाया। बच्चों से लेकर बड़े-बूढ़े तक रंग-गुलाल से रंगे हुए नजर आए। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने निवास पर जमकर होली खेली और फाग गीत गाए। उनके साथ होली खेलने के लिए मंत्रियों-विधायकों के साथ-साथ आम नागरिक भी होली खेलने के लिए सीएम हाउस पहुंचे।

मध्यप्रदेश में शुक्रवार को सुबह से ही बच्चे पिचकारियां लेकर सडक़ों पर निकल पड़े और एक-दूसरे को रंगों में सराबोर कर जमकर मस्ती की। वहीं बड़े-बूढ़ों से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं और अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के सभी शहर शुक्रवार को सुबह से शाम तक रंगों में डूबे नजर आए। लोग सडक़ों पर टोलियों में निकले और एक-दूसरे को रंग लगाकर जमकर मस्ती की। वहीं पुलिस की नजर भी हुड़दंगियों पर रही।

होली पर प्रदेश में कहीं कोई अप्रिय घटना के समाचार नहीं हैं। बता दें कि प्रदेश में उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में गुरुवार को देर रात भगवान महाकाल को गुलाल लगाकर होली की शुरुआत हुई। इसके बाद सुबह भी बाबा महाकाल को गुलाल अर्पित कर लोगों ने अपने दिन की शुरुआत की और प्रदेशभर में दिनभर जमकर रंग खेला गया। 

इधर, राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होली पर अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंनेे अपने निवास पर आयोजित होली समारोह का आयोजन किया और जमकर होली खेली और अपनों को रंग से सराबोर कर दिया। इस मौके पर उन्होंने पारम्परिक फाग गीत गाए और ढोल ढमाके की थाप पर ठुमके भी लगाए। सुबह से ही उनके रिश्तेदार, मंत्रीगण, नेता, विधायक, नौकरशाह और शहर के विशिष्ट लोग उनके निवास पर पहुंचे और मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह भी सीएम हाउस पहुंचे और मुख्यमंत्री के साथ होली खेली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सूखे रंगों से होली खेलने और पानी की बचत करने का आह्वान किया। इस दौरान मीडिया द्वारा उनसे मुंगावली-कोलारस चुनाव में मिल हार को लेकर सवाल पूछे गए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि चुनाव तो आते-जाते रहते हैं, आज होली का त्यौहार है। यह त्यौहार धूमधाम से मनाओ।  (हि.स.)।

आगे पढ़े : होली में कुछ इस अंदाज में दिखे बिग बी अमिताभ बच्चन और उनका परिवार

Related Articles

Back to top button
Close