खबरे

मुंबई के एल्फिन्स्टन स्टेशन पर भगदड़, केईएम अस्पताल में खून की कमी से घायलों के इलाज में बढ़ी परेशानी.

– केईएम अस्पताल में खून की कमी से बढ़ी परेशानी  – गंभीर रूप से घायल 35 लोगों का इलाज जारी
मुंबई, 29 सितम्बर : दक्षिण मुंबई में अत्यंत भीड़भाड़ वाले एल्फिन्स्टन-परेल पुल (फुटओवर ब्रिज) पर आज (शुक्रवार को) नवमी के दिन सुबह तकरीबन 10 बजे अफवाहों की वजह से हुई भगदड़ में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी नितिन गरोडिया बताते है कि उन्होंने 25 लोगों की लाश देखी है। इस घटना में अब तक 35 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज केईएम अस्पताल में हो रहा है। अस्पताल में खून की बेहद कमी महसूस की जा रही है। इसलिए अस्पताल की ओर से आम नागरिकों से तत्काल रक्तदान कराए जाने की भी अपील की गई है। अस्पताल ने विभिन्न ग्रुप के खून के लिए हेल्पलाइन जारी किया है। 

Mumai_update_15

आज सुबह अचानक बारिश होने लगी थी, जिससे अफवाह फैलने की वजह से यहां भगदड़ मच गई। इंडिया बुल्स में काम करने वाले नितिन ने बताया कि इस पुल पर प्रति दिन सुबह के समय इसी तरह की भीड़ हुआ करती है। आज भी वह तकरीबन 10.45 बजे घर जाने के लिए एल्फिन्स्टन पहुंचे थे। वह पुल के नीचे ही थे कि अचानक बारिश शुरू हो गई जिससे पुल पर लगभग 600 से ज्यादा लोग जमा हो गए थे। 

इसी दरम्यान अचानक किसी ने पुल टूटने की अफवाह फैला दी। इसी तरह यहां तरह-तरह की अफवाह फैलने लगी जिससे लोग बचाव के लिए दौड़ने लगे जिससे यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के समय पुल पर आरपीएफ अथवा पुलिस के जवान नहीं थे। इस घटना में यहां देखते ही देखते लाशों के ढेर लग गए। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और यहां बचाव कार्य शुरू किया। उससे पहले स्थानीय नागरिकों ने यहां घायलों और मृतकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू कर दिया था। 

बहरहाल, हादसे की खबर मिलते ही रेलवे मंत्री घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और वह अस्पताल में घायल मरीजों से भी मिलने वाले हैं। राज्य सरकार के मंत्री विनोद तावड़े, दिवाकर रावते, सांसद अरविंद सावंत, किरीट सोमैया भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं और लोगों को सांत्वना देने का काम कर रहे हैं। मंत्री विनोद तावड़े ने बताया कि इस घटना में मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे और घायलों को सरकारी स्तर पर मदद की जाएगी। 

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और इसकी जांच कर दोषी पर कड़ी कार्रवाई किए जाने संबंधित ट्वीट किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने राज्य सरकार को इस घटना पर ध्यान देने तथा घायलों का तत्काल उपचार कराए जाने का निर्देश दिया है। इस समय एल्फिन्स्टन-परेल पुल को बंद कर दिया गया है। इस घटना में 5 घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। (हिस)।

आगे पढ़े : म्हाडा प्रशासन ने बकाया राशि वसूलने को नोटिस थमाना शुरू किया

Related Articles

Back to top button
Close