Home Sliderदेशनई दिल्ली

म्यांमार सीमा पर सेना की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक , उग्रवादियों के कई कैम्प तबाह

नई दिल्ली, 27 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय सेना ने आज एक बार फिर सीमा पार बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यांमार की सीमा पर स्थित नगा उग्रवादियों के कई कैम्प तबाह कर दिए है। सेना ने नगा उग्रवादियों के कैंप पर हमला कर नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (के) उग्रवादियों के कई कैंप तबाह कर दिए हैं। सेना की तरफ से की इस कार्रवाई में कई नगा उग्रवादियों के ढेर होने की खबर है। इसमें खास बात यह रही है कि सेना ने नियंत्रण रेखा को पार किये बगैर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

सेना का यह ऑपरेशन असम-नगालैंड सीमा के पास हुआ है। सूत्रों के अनुसार नगा आतंकियों के खिलाफ सेना का यह ऑपरेशन सुबह तड़के करीब 4 बजकर 45 मिनट पर प्रारम्भ हुआ। सेना ने लांगखू गांव के पास नगा उग्रवादियों पर हमला किया। सेना की तरफ से बुधवार को बयान जारी कर इसकी अधिकृत जानकारी दी गयी। सेना प्रवक्ता ने बताया, ’27 सितंबर बुधवार को तड़के भारत-म्यांमार बॉर्डर पर भारतीय सेना की एक टुकड़ी पर अज्ञात उग्रवादियों ने फायरिंग की। इस पर हमारे सैनिकों ने उग्रवादियों को मुहतोड़ जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई के बाद उग्रवादी वहां से भाग निकले। इस मुठभेड़ में हमारे जवानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जवाबी कार्रवाई के लिए जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नहीं की है।’ सूत्रों के मुताबिक, बड़ी तादाद में उग्रवादी मारे गए हैं। 

गौरतलब है कि भारतीय सेना पहले भी सीमा पार सक्रिय नगा उग्रवादियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक कर चुकी है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के म्यांमार दौरे से पहले भी सेना ने उग्रवादियों के खिलाफ एक ऑपरेशन को अंजाम दिया था। इसमें सेना ने भारत-म्यांमार सीमा पर नगा आतंकी संगठन एनएससीएन (के) के एक आतंकी कैंप को नष्ट कर दिया था। 

Related Articles

Back to top button
Close