Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

यूपी : बागपत में यमुना नदी में डूबी नाव, 25 लोगों कि मौत के बाद मचा कोहराम

बागपत, 14 सितम्बर(कुलदीप त्यागी)। : बागपत में यमुना नदी में 25 लोगों के डूबने के पीछे नाव में क्षमता से अधिक लोगों का सवार होना रहा। नाव हादसे में जीवित बचे लोगों ने बताया कि नाव में 65 लोग सवार थे। इसके बाद भी नाविक नाव को लेकर चल दिया था, जो अंततः दर्दनाक हादसे का कारण बना। प्रशासन ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

बागपत में हरियाणा के पार जाने के लिए एकमात्र साधन गौरीपुर निवाड़ा गांव में बना यमुना नदी का पुल है। इस पुल से दूर बसने वाले गांवों के लोगों के लिए यमुना के बीच से होकर हरियाणा जाने का विकल्प बचता है। बरसात के सीजन में यमुना में ज्यादा पानी आने के कारण नाव के सहारे ग्रामीण हरियाणा आते-जाते हैं। बागपत कोतवाली क्षेत्र के काठा गांव में जिला पंचायत की नावों के सहारे लोग यमुना पार करते हैं। जिला पंचायत की तीन नाव यात्रियों को लेकर पूरे दिन चक्कर लगाती रहती हैं।

लोगों ने किया था अधिक यात्री बैठाने का विरोध

गुरुवार को काठा और नंगला बहलोलपुर गांवों के लोग नाव में सवार हो गए। नाविक ने क्षमता से अधिक 65 लोग नाव में बैठा लिए। हादसे में जीवित बचे नंगला बहलोलपुर गांव के इंद्रजीत यादव और तेजपाल यादव तेज्जू ने बताया कि क्षमता से अधिक यात्री नाव में बैठाने का उन्होंने विरोध भी किया, लेकिन नाविक नहीं माना और नाव को लेकर चल दिया। यमुना नदी के बीच में जाने पर नाविक को भी दुर्घटना का अहसास हो गया और वह नाव को वापस मोड़ने लगा, लेकिन उसे ऐसा करने का मौका नहीं मिला और पूरी नाव यमुना नदी में समा गई। वह किसी तरह से बल्लियों के सहारे नदी के किनारे तक पहुंचे और उन्होंने भी करीब दस लोगों की जान बचाई। दोपहर तक 25 लोगों के शव यमुना नदी से निकाले जा सके थे।

जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

इस दर्दनाक हादसे की जांच के आदेश जिला प्रशासन ने दे दिए हैं। डीएम भवानी सिंह खंगारौत खुद मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की देखरेख कर रहे थे। एसपी डी प्रदीप कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

काठा गांव में मचा हाहाकार

घटना में जीवित बचे इंद्रजीत ने बताया कि नाव में नंगला बहलोलपुर गांव के सात लोग थे और बाकी लोग काठा गांव के थे। मरने वाले सभी लोग काठा गांव के थे। इससे गांव में हाहाकार मच गया और गुस्साए लोगों ने दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर जाम लगा दिया और वाहनों में आग लगा दी।

Related Articles

Back to top button
Close