उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

योगी ने दुधवा में हेरिटेज रेल लाइन की घोषणा का किया स्वागत

लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट के दूसरे दिन आज ‘‘इजी ऑफ डूइंग बिजनेस इन उत्तर प्रदेश’’ सत्र को संबोधित किया। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल निवेश मित्र पोर्टल का शुभारंभ किया है। इसकी मदद से उद्यमियों को डिजिटल निवेश की सुविधा मिलेगी, साथ ही साथ मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय स्वयं इस निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करेगा। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय रेल का लगभग 9000 किमी का नेटवर्क है। भारतीय रेल उत्तर प्रदेश के विकास में एक बड़ी भूमिका का निर्वहन कर रही है। देश में दो फ्रेट कॉरिडोर हैं, ईस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर। यह दोनों फ्रेट कॉरिडोर उत्तर प्रदेश से होकर जाते हैं। साथ ही ये दोनों मिलते भी हैं, उस दृष्टि से हम लोगों ने योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर का लगभग 57 फीसदी भू-भाग उत्तर प्रदेश से होकर जाता है और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर का लगभग 9 फीसदी भाग उत्तर प्रदेश से होकर जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के अंदर पक्षियों की जो प्रजातियां हैं वो लगभग 1300 हैं और उनमें से 500 उत्तर प्रदेश में हैं। वहीं उन 500 पक्षियों की प्रजातियों में से 450 अकेले दुधवा नेशनल पार्क में हैं। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने दुधवा नेशनल पार्क को एक हेरिटेज रेल लाइन देने की जो घोषणा की उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। जहां रेलवे स्टेशन स्थित हैं, उस शहर की विरासत के साथ जोड़ने का प्रयास अभिनंदनीय है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह रायबरेली रेल कोच फैक्ट्री में चरणबद्ध तरीके से उत्पादन बढ़ाने की रेल मंत्रालय की योजना अभिनंदनीय है। झांसी में रेल कोच रिफार्मिंग फैक्ट्री लगने से बुन्देलखण्ड का पिछड़ापन दूर करने में काफी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
Close