Home Sliderखबरेजम्मूराज्य

शहीद हुए 4 जवानों की शहादत का बदला लिया भारतीय सेना ने , तीन पाक सैनिकों को किया ढेर

नई दिल्लीः भारत ने पाकिस्तान पर एक और सर्जिकल हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान की सीमा के 500 मीटर अंदर जाकर पाकिस्तानी सेना के पोस्ट पर हमला किया है। इस हमले में तीन पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने की सूचना है। अभी पाकिस्तान की ओर से इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मृत पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या बढ़ भी सकती है। 

भारतीय सैनिकों ने 48 घंटे में अपने चार जवानों की शहादत का बदला ले लिया है। भारतीय सेना ने एक बार फिर से एलओसी पार करके पाकिस्तानी सेना के तीन जवानों को मार गिराया।

सर्जिकल स्ट्राइक की तरह किए इस हमले में भारतीय सेना ने पाक सेना को संभलने का मौका नहीं दिया। सोमवार रात को भारत ने पुंछ के पास रावलकोट सेक्टर में जवाबी फायरिंग की और इसमें तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। करीब 15 महीने पहले भी भारत ने पाकिस्तान में घुसकर पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर कर दिया था। हालांकि वो ज्यादा बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक थी। लेकिन सोमवार को उसी तरह का ऑपरेशन सेना ने फिर अंजाम दिया।

खुफिया सूत्रों के हवाले से खबर है कि भारतीय सेना के जवान बीती रात नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित रावलकोट सेक्टर स्थित रखचिकरी में घुसे और वहां तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। भारतीय सेना के इस हमले में एक पाकिस्तानी सैनिक घायल भी हुआ है।

भारतीय सेना की इस कार्रवाई को पाकिस्तान की तरफ से बार-बार किए जा रहे संघर्षविराम उल्लंघन के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। वहीं इस हमले में भारतीय पक्ष को किसी तरह की हानि की खबर नहीं है।

बीते शनिवार ही पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की थी। इस हमले में सेना के एक मेजर और तीन जवान शहीद हो गए थे। इसके एक दिन बाद रविवार को भी नियंत्रण रेखा पर संघर्षपूर्ण स्थिति थी। हालांकि यहां भारतीय सेना ने हमले की ताक में बैठे पाकिस्तानी स्नाइपर को मार गिराया था।

इस बीच जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की भी खबर है। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। इलाके में गोलीबारी अभी जारी है और सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर रखा है।

Related Articles

Back to top button
Close