उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

शोभायात्रा के साथ विधान मण्डप पहुंचे राज्यपाल, बसपा सदस्यों ने किया हंगामा

लखनऊ, 15 मई = उत्तर प्रदेश की 17 वीं विधानसभा का पहला सत्र आज सोमवार से प्रारम्भ हो गया। संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए राज्यपाल जब विधानसभा पहुंचे तो उन्हें विशेष सम्मान देते हुए शोभा यात्रा के साथ विधान मण्डप तक पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने जाकर राज्यपाल की आगवानी की। इस दौरान नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी नदारद दिखे।

इस विशेष सत्र की शुरुआत दोनों सदनों (विधानसभा और विधान परिषद) के संयुक्त अधिवेशन में राज्यपाल राम नाईक के अभिभाषण से हुई। राज्यपाल के पहुंचते ही बसपा सदस्यों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे के बीच ही राज्यपाल ने दोनों सदनों को संबोधित करना शुरू कर दिया और बसपा सदस्य कागज के टुकड़े राज्यपाल पर फेंकते रहे।

UP : 17वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से, कार्यवाही का पहली बार होगा सीधा प्रसारण

दरअसल पिछले वर्ष ही राष्ट्रपति की तरफ से एक निर्देशन जारी हुआ था कि प्रदेश के राज्यपाल जब विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने आयें तो उन्हें विशेष सम्मान दिया जाना चाहिये। लेकिन, तत्कालीन सपा सरकार के विधायकों ने परंपरा से हटकर राज्यपाल को विशेष सम्मान देने से मना कर दिया था।

विधानमंडल सत्र के मद्देनजर रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सदन को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा की थी।

17वीं विधानसभा के इस पहले सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। इस बार सदन में प्रवेश करते वक्त विधायकगण जो सामान लेकर अंदर जा रहे होंगे उसकी जांच का भी अधिकार सुरक्षाकर्मियों के पास होगा। आज पहले दिन राज्यपाल राम नाईक दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। 15 से 22 मई तक प्रस्तावित विधानमंडल सत्र में सरकार उप्र राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक भी पेश करेगी।

Related Articles

Back to top button
Close