Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

UP : 17वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से, कार्यवाही का पहली बार होगा सीधा प्रसारण

लखनऊ, 15 मई = उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से प्रारम्भ हो रहा है। इस विशेष सत्र की शुरुआत दोनों सदनों (विधानसभा और विधान परिषद) के संयुक्त अधिवेशन में राज्यपाल राम नाईक के अभिभाषण से होगी। सदन की कार्यवाही का लोकसभा की तरह दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण भी पहली बार होने जा रहा है।

17वीं विधानसभा के इस पहले सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। इस बार सदन में प्रवेश करते वक्त विधायकगण जो सामान लेकर अंदर जा रहे होंगे, उसकी जांच का भी अधिकार सुरक्षाकर्मियों के पास होगा। आज पहले दिन राज्यपाल राम नाईक दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। 15 से 22 मई तक प्रस्तावित विधानमंडल सत्र में सरकार उप्र राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक भी पेश करेगी।

इस बार संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए राज्यपाल जब विधानसभा में प्रवेश करेंगे तो उन्हें विशेष सम्मान दिया जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित नीचे पोर्टिको में जाकर राज्यपाल की आगवानी करेंगे, फिर उन्हें शोभा यात्रा के साथ विधान मण्डप तक पहुंचाया जायेगा।

दरअसल पिछले वर्ष ही राष्ट्रपति की तरफ से एक निर्देशन जारी हुआ था कि प्रदेश के राज्यपाल जब विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने आये तो उन्हें विशेष सम्मान दिया जाना चाहिए। लेकिन, तत्कालीन सपा सरकार के विधायकों ने परंपरा से हटकर राज्यपाल को विशेष सम्मान देने से मना कर दिया था।

विधानमंडल सत्र के मद्देनजर रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सदन को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा की थी।

Related Articles

Back to top button
Close