खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

संजय निरुपम के घर के पास जमा 15 मनसे कार्यकर्ता गिरफ्तार

मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। अंधेरी में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के घर के सामने दुबककर बैठे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के 15 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन कार्यकर्ताओं पर वर्सोवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार ठाणे, कल्याण, वाशी व सांताक्रुज में मनसे की ओर से फेरीवालों पर किए गए हमले के विरोध में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम खुल कर सामने आए थे। इस मामले में मुंबई कांग्रेस की ओर से आज बुधवार को फेरीवालों के समर्थन में दादर में मोर्चा भी निकाला गया था लेकिन मनसे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया था।

इसके फलस्वरुप यहां पुलिस ने दोनो पक्षों के बहुत से कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मनसे के कुछ कार्यकर्ता मुंबई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के घर उन पर हमला करने के फिराक में छिपे बैठे थे, लेकिन इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय वर्सोवा पुलिस ने 15 मनसे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। इन कार्यकर्ताओं में गोरेगांव विभाग अध्यक्ष बीरेंद्र जाधव, विशाल हलदणकर, संजय सोनावने, संजय देवले, आदि का समावेश है।

इस बीच मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को रात ही मनसे नेता शालिनी ठाकरे ने पुलिस उपायुक्त परमबीर दहिया से चर्चा कर संजय निरुपम को घर से बाहर न निकलने देने की मांग की थी। इसलिए पुलिस ने भी संजय निरुपम को घर से बाहर नहीं निकलने दिया था , जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो सकी है। इस मामले में स्थानीय पुलिस मनसे के 15 कार्यकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई कर रही है। 

Related Articles

Back to top button
Close