खबरेमध्यप्रदेश

हॉस्पिटल की लापरवाही की वजह से महिला ने रिक्शे में दिया बच्चे को जन्म !

इंदौर, 25 जनवरी =  कहने को तो प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल एमवायएच के कायाकल्प में करोड़ों रुपए खर्च कर दिए गए हैं, लेकिन यहां की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। यही कारण है कि यहां लापरवाही का आलम आए दिन देखने को मिलता है। बीती रात भी एक महिला जब प्रसूति के लिए आटो रिक्शा में पहुंची, तो डॉक्टर नहीं पहुंचे। आखिरकार काफी देर तक इंतजार करती रही महिला की आटो रिक्शा में ही प्रसूति हो गई।

दरअसल, गौरी नगर में रहने वाली अम्बा नामक महिला उसकी रिश्तेदार ज्योति शुक्ला व ममता प्रसूति के लिए रात लगभग 9 बजे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची थी। अम्बा रिक्शा में ही बैठी रही और दोनों डॉक्टरों को बुलाने गई। बताया जाता है कि कई बार कहने के बाद डॉक्टर अम्बा को देखने नहीं पहुंचे। इस दौरान करीब डेढ़ घंटा बीत गया और अम्बा ने रिक्शा में बच्चे को जन्म दिया।

आटो रिक्शा प्रसूति होने की खबर से वहां हड़कम्प मच गया। इस पर महिला डॉक्टर व अन्य लोग वहां पहुंचे। तब कहीं जाकर अम्बा व उसके नवजात शिशु को अस्तपाल में भर्ती किया गया। यह पहला मामला नहीं था, जब अस्पताल के परिसर में किसी महिला की प्रसूति हुई हो। इसके पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके अस्पताल प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं देते।

Related Articles

Back to top button
Close