खबरेदेशनई दिल्ली

CM केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने निकाली बाइक रैली.

नई दिल्ली, 23 जनवरी=  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने सोमवार को 250 बाइक सवार युवा कार्यकर्ताओं के एक जत्थे को दिल्ली की आप सरकार की विफलताओं से अवगत कराने के लिए रवाना किया।

इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी मोटर साइकिल चलाई। दिल्ली युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में 250 युवाओं का यह जत्था पंजाब में विशेषकर उन 23 विधानसभा क्षेत्रों में जहां से भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं सघन प्रचार करेगा। यादव ने कहा कि युवा मोर्चा का यह अभियान पंजाब में केजरीवाल का पोल खोल मिशन है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपके कंधों पर दिल्ली में ठप विकास की सही जानकारी पंजाब के लोगों तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पंजाब को बताना होगा कि केजरीवाल वहां के लोगों को तो नशा विरोधी अभियान चलाने के सपने बेच रहे हैं पर दिल्ली में धड़ाधड़ बारशालाओं एवं शराब की दुकानें खोल रहे हैं।

तिवारी ने कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को पंजाब की जनता को बताना होगा कि दिल्ली में विकास कार्य ठप हैं और केजरीवाल सरकार स्कूल कालेजों में सीटें बढ़ाने, अस्पतालों में रोगी बिस्तर बढ़ाने, महिला सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने, मुफ्त वाई-फाई एवं पानी देने, 8 लाख नई नौकरियों के सपने और झुग्गी एवं अनधिकृत कालोनियों के निवासियों को विकास को लेकर दिखाए प्रमुख सपनों में से एक की भी पूर्ति करने में असफल रही है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि दिल्ली के युवाओं पर यह विशेष जिम्मेदारी है कि वह देशभर के युवाओं को केजरीवाल सरकार के नकारापन एवं धोखों से अवगत कराएं।

Related Articles

Back to top button
Close