Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

CM योगी ने दी बीएसएफ के स्थापना दिवस पर बधाई

लखनऊ, 01 दिसम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएसएफ के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शुक्रवार को ट्वीट किया गया, ‘‘देश की सीमाओं की सुरक्षा में समर्पित बीएसएफ के स्थापना दिवस पर समस्त सीमा प्रहरियों एवं देशवासियों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। अपनी सम्पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सजगता से राष्ट्र की सुरक्षा में लगे भारत मां के वीर सपूतों को नमन करता हूं।’’

सीमा सुरक्षा बल (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) भारत का एक प्रमुख अर्धसैनिक बल एवं विश्व का सबसे बड़ा सीमा रक्षक बल है। 1965 तक शान्ति काल में बॉर्डर की सुरक्षा का दायित्व स्थानीय पुलिस पर होता था। ऐसे में ये महसूस किया गया कि सुरक्षा का प्रबंधन सही नहीं है, इसी जरूरत के साथ बीएसएफ का गठन 01 दिसम्बर 1965 में हुआ था। इसका सिद्धान्त ‘‘जीवन्त पर्यन्त कर्तव्य’’ है। 

इसकी जिम्मेदारी शांति के समय के दौरान भारत की अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं पर निरन्तर निगरानी रखना, भारत भूमि सीमा की रक्षा और अन्तर्राष्ट्रीय अपराध को रोकना है। इस समय बीएसएफ की 188 बटालियन है और यह 6,385.36 किलोमीटर लम्बी अन्तर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा करती है जो कि पवित्र, दुर्गम रेगिस्तानों, नदी-घाटियों और हिमाच्छादित प्रदेशों तक फैली है। 

सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों में सुरक्षा बोध को विकसित करने की जिम्मेदारी भी बीएसएफ को दी गई है। इसके अलावा सीमा पर होने वाले अपराधों जैसे तस्करी, घुसपैठ और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने की जवाबदेही भी इस पर है।

सीमा सुरक्षा बल के रणबांकुरों ने दुश्मन के हर नापाक मंसूबों को नाकाम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिमालय की बर्फिली वादियों से लेकर राजस्थान के थार तक बीएसएफ के रणबांकुरों ने अपने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। दुर्गम परिस्थितियों और दुश्मन के नापाक इरादों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए बीएसएफ के सीमा प्रहरी करगिल से लेकर कच्छ तक हर विकट परिस्थिति में मुस्तैदी के साथ अपना फर्ज निभा रहे हैं। राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर में भी बीएसएफ के रणबांकुरे देश की सीमा की सुरक्षा के लिए कृतसंकल्पित हैं। काउंटर इमरजेंसी ऑपरेशन, एंटी टेरेरिज्म ऑपरेशन और युद्ध काल में भी बीएसएफ के रणबांकुरों ने अपने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है।

Related Articles

Back to top button
Close