उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

अखिलेश भाजपा के खिलाफ महागठबन्धन के पक्ष में, ईवीएम पर फिर उठाये सवाल

लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महागठबन्धन की वकालत की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ जो भी सपा के साथ आना चाहे, हम उसका स्वागत करेंगे।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता अभियान के शुभारम्भ के मौके पर अखिलेश ने पिछले दिनों दिल्ली में कांग्रेस, जनता दल (यूनाइटेड) और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात को लेकर कहा कि देश के जितने भी नेता हैं, हम सभी से मिलेंगे। झूठ के खिलाफ कोई ना कोई बड़ा राजनैतिक गठबन्धन का रास्ता खुलना चाहिये। आने वाले समय में भाजपा के खिलाफ जो भी गठबन्धन बनेगा, हम उसके भागीदार बनेंगे।

इसके साथ ही अखिलेश ने एक बार फिर ईवीएम पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि जनता आज भी भरोसा नहीं कर पा रही है कि जब बटन साइकिल पर दबाया तो जीत भाजपा को कैसे मिली। जनता को धोखा देकर भाजपा ने सरकार बनाई है। धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बहकाया गया है। यूपी में विकास का फेविकोल नहीं चला लेकिन धर्म का फेविकोल चल गया। यूपी में बहराइच में मशीन की धांधली की बात सामने आयी है। ईवीएम में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग जवाब दे। हम केवल शिकायत कर रहें हैं, उन्हें चुनाती नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मशीन पर कोई 100 फीसदी भरोसा नहीं कर सकता, हमें बैलेट पर 100 फीसदी भरोसा है। सोनभद्र और ललितपुर में ऐसा होता है, तो कैसे समाधान होगा। इस देश में लोग राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान में ही कन्फ्यूज़ रहते हैं। उन्होंने एक मोबाइल कम्पनी के फोन का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने फोन में कमी को स्वीकार किया। इसलिए चुनाव आयोग को भी इस बारे में स्थिति साफ करनी चाहिए। हमारी पार्टी की मांग है कि आने वाले समय में चुनाव बैलेट पेपर के आधार पर हो।

सपा अध्यक्ष ने अपी पिछली सरकार में बिजली के लिए बहुत काम करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिजली की बात हो जाए हमारे तमाम अधिकारी अभी भी वही हैं। बिजली के प्रमुख सचिव को कोई बदल नहीं पायेगा, क्योंकि उन्होंने बहुत अच्छे-अच्छे काम किए हैं। अभी तो ये सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर समाजवादी के लगे हैं। है। अभी तो हमारा कार्यक्रम चल रहा है। लड़ाई जब होगी जब उनका कार्यक्रम उनकी योजना लाग होगी। वहीं उन्होंने केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री पीयूष गोयल के आरोप के जवाब में कहा कि हमने यही कहा था कि, अगर प्रधानमंत्री की फ़ोटो लगे तो हमारी मुख्यमंत्री की भी लगे।

DM का आदेश , खेतों में डंठल जला तो किसान पर होगी कार्रवाई

उन्होंने प्रदेश सरकार में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था कैसी है, यह सब जानते हैं। 100 नम्बर के आकड़ें निकलवा लें तो पता चलेगा कितनी कानून व्यवस्था ठीक है। उन्होंने कहा कि अभी कन्नौज की ख़बर आई कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मारा, पर असलियत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दौड़ा कर मारा था। क़ानून व्यवस्था में क्या बोले ज़िन्दा जला दे रहे हैं, बच्चों के साथ दुराचार हो रहा है।

सपा अध्यक्ष ने बूचड़खानों के सवाल पर कहा कि स्लॉटर हाउस हिन्दू भी चला रहे हैं, उनकी तस्वीर कब आएगी। एक्सपोर्ट हाउस बड़े बड़े लोगों के है उनकी तस्वीर कब तक आएगी। मध्य प्रदेश, गोआ में स्लाटर हाउस कब बन्द होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले हमें हिन्दू नहीं मानते हैं। हमें सुबह उठकर मन्दिर के सामने पूजा करके उन्हे सेल्फी भेजनी पड़ेगी। इसके साथ ही सातों दिनों अलग-अलग रंग के कपड़े दिन के हिसाब से पहनने पड़ेंगे, तब यह लोग शायद हमें हिन्दू मानेंगे।

अखिलेश ने उनकी सरकार के विभिन्न प्रोजेक्ट की जांच के सवाल के जवाब में कहा कि जांच करना अच्छी बात है, इससे हमारी परियोजना के बारे में लोगों को पता चलेगा। जांच तो होनी चाहिये, ऐसे चीजे तो उन्होंने देखी नहीं होगी। रिवर फ्रंट, जेपी सेन्टर बनवाया, जनेश्वर मिश्रा पार्क बनवाया, इमामबाड़े को रिनोवेट कराया। मंत्री लोग एक पेड़ का नाम भी नहीं बता पायेंगे।

राजधानी में बनाये हमारे पार्क में तो संघ के लोग भी शाखा लगाते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मैने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह भी लाल टोपी हटाकर शाखा में बैठ जाएं, क्योंकि ऐसा पार्क किसी ने देखा नहीं होगा। अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी यूपी में उनसे बेहतर एक्स्प्रेस वह नहीं बना सकते है, क्योंकि उनके पास समय नहीं है। हां योगी जरूर बना सकते हैं।

अखिलेश ने कल सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा हर जिले को दो-दो एम्बुलेंस सौंपने के सवाल पर कहा कि अधिकारी बेहद चालाक हैं। उनको लगा कि अभी तक किसी भी परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने नहीं किया, इसलिए जल्दबाजी में उन्होंने आधी-अधूरी एम्बुलेंस का उद्घाटन करा दिया।

मायावती द्वारा अपने भाई आनन्द कुमार को बसपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि परिवारवाद तो भाजपामें भी है। बसपा अगर संघर्ष के समय अपने परिवार के लोगों को ले रही है तो ठीक है। वहीं उन्होंने अपनी पार्टी के वरिष्ठ आजम खां को लेकर कहा कि उन्हें जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा 15 अप्रैल से पूरे देश में सदस्यता का अभियान शुरू होगा। यह कार्यक्रम 2 माह चलेगा। इस दौरान घरों और हर वर्ग के लोगों तक हम पहुंचेंगे। 5 साल के कार्यक्रम की जानकारी भी जनता तक पहुंचायेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया और पर्ची के माध्यम से भी लोगों को जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यकम सफल तब होगा जब बड़ी संख्या में सदस्य बने। दूसरे प्रदेशों में भी प्रभारी नियुक्त किये हैं वह भी इस अभियान में तेजी से लगें हैं।

Related Articles

Back to top button
Close