खबरेस्पोर्ट्स

खेलो इंडिया स्कूल गेम्स महिला हॉकी : हरियाणा ने जीता गोल्ड

नई दिल्ली, 08 फरवरी(हि.स.)। आखिरी समय में अनु द्वारा किये गये शानदार गोल की बदौलत खेलों इंडिया स्कूल गेम्स के लड़कियों की हॉकी स्पर्धा का स्वर्ण हरियाणा ने जीत लिया है। खिताबी मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को 2-1 से हराकर स्वर्ण पर कब्जा किया। 

झारखंड को मैच में 1-0 की बढ़त लेने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। पिछड़ने के बावजूद हरियाणा ने शानदार वापसी की और मैच अपने नाम किया। हरियाणा ने लीग मैच में भी झारखंड को 4-2 से हराया था।

मैच के 32वें मिनट में झारखंड ने हरियाणा पर जोरदार आक्रमण बोला। सुभानी भेंगरा के पास को ब्यूटी डूंग डूंग ने गोल में बदलकर झारखंड को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के 8 मिनट बाद ही 40वें मिनट में पेनल्टीकार्नर को गोल में बदलकर शर्मिला ने हरियाणा को 1-1 की बराबरी दिला दी। एक समय लगा कि मैच के विजेता का फैसला शूट आउट से हो पाएगा,तभी अनु ने गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी। 

इसके पहले पंजाब ने चंड़ीगढ़ को 5-4 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया। पंजाब की तरफ से सिमरनजीत ने तीन और बलजीत कौर व मिताली ने 1-1 गोल किया। वहीं, चंडीगढ़ की ओर से सोनू ने 2 व बरखा और मोनू ने 1-1 गोल किया।

Related Articles

Back to top button
Close