खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

मनपा ने ठेके पर कार्यरत 100 से ज्यादा कर्मियों को निकाला, महिला सफाई कर्मी ने की आत्महत्या

मुंबई, 04 जनवरी (हि.स.)। मनपा के अंधेरी पश्चिम वॉर्ड में एक सफाई कर्मचारी ने मनपा प्रशासन की मनमानी से परेशान होकर सुसाइड कर लिया था। कॉन्ट्रेक्ट पर काम करनेवाली महिला सफाई कर्मचारी को बकाया वेतन भी नहीं दिया जा रहा था, जिसके कारण उसने आत्महत्या करने का कदम उठाया। सफाईकर्मी और ठेके से 100 से ज्यादा कर्मचारियों को निकाले जाने से नाराज कचरा वाहतुक संघ की ओर से मनपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन ने आरोप लगाया है कि मनपा प्रशासन ने ठेके पर काम करनेवाली महिला के साथ करार खत्म कर दिया था।

इसके अलावा महिला का बकाया वेतन देने में भी आनाकानी हो रही थी। परेशान होकर महिला सफाई कर्मी ने यह कदम उठाया। किया है। संगठन ने मृतक महिला के परिजनों को नुकसान भरपाई देने के साथ ही पेंशन देने की मांग की है। विलेपार्ले स्थित नेहरू नगर में रहनेवाली 35 वर्षीय सुमती देवेंद्र अंधेरी पश्चिम विभाग में कॉन्ट्रेक्ट पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। पिछले दस साल से सुमती ठेके पर काम कर रही थी। उसे स्थायी नियुक्ति नहीं दी जा रही थी। इस संदर्भ में एक मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन था। लेकिन इसके बाद भी मनपा प्रशासन की ओर से उसे काम नहीं करने दिया जा रहा था। नियम के अनुसार ऐसे कर्मचारियों को लगभग 22 हजार रुपए वेतन मिलना चाहिए, लेकिन प्रशासन इसकी अनदेखी कर रहा था। न्यूनतम वेतन के अनुसार सफाईकर्मी को 15 हजार रुपए दिया जाना आवश्यक है। लेकिन प्रशासन केवल सात से आठ हजार रुपए वेतन दे रही है।

मृतक महिला की 11 वर्षीय बेटी है। न्यूनतम वेतन के तहत उसका लगभग 1 लाख रुपए का बकाया भी मनपा नहीं कर रही है। पिछले छह महीने से भी कोई वेतन नहीं दिया जा रहा था। अपने बकाया वेतन की मांग को लेकर वह पिछले कई महीने से मनपा वॉर्ड के चक्कर लगा रही थी। महिला ने हताश होकर अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। मजदूर संगठन ने मनपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित वॉर्ड अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि मनपा ने लगभग 130 सफाई कर्मचारियों को काम से निकाल दिया है। ऐसे कर्मचारियों को भी मनपा ने काम से निकाल दिया, जिनका मामला न्यायालय में विचाराधीन था। संगठन ने मनपा आयुक्त के पास एक पत्र भेज कर इस मामले के दोषी अधिकारियों व मृतक की बेटी को नौकरी व नुकसान भरपाई देने की मांग की है। 

Related Articles

Back to top button
Close